जौनपुर दर्दनाक हादसा: खेलते समय तालाब में डूबने से दो बालकों की मौत, दोनों मां-बाप के थे इकलौती संतान

जौनपुर में सिकरारा थाना क्षेत्र के निजामुद्दीनपुर में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद घर में कोहराम मच गया। पूरे गांव में शोक की लहर है। निजामुद्दीनपुर निवासी स्वर्गीय अखिलेश सिंह का बेटा अंशु सिंह (8) और प्रदीप सिंह का बेटा रुद्र सिंह (6) शनिवार को दिन में 11:30 बजे गांव के तीन और बच्चों के साथ खेलने के लिए निकले थे।

बच्चे खेलते-खेलते तालाब किनारे पहुंच गए। इसी दौरान संभवत: 12 बजे दोनों बच्चे पैर फिसल जाने से तालाब में गिर गए। जबकि अन्य बच्चे दौड़ लगाते हुए आगे निकल गए। घटना के लगभग आधे घंटे के बाद जब घर वालों ने दोनों बच्चों को खोजना शुरू किया तो साथ गए अन्य बच्चों ने बताया कि तालाब तक दोनों साथ में थे।

परिजनों को शक हुआ तो लोग तालाब की ओर दौड़ पड़े। बच्चों को तलाशने के लिए कई लोग तालाब में कूद गए और जाल भी फेंका गया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मछलीशहर पहुंचाया।

यहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। ग्राम प्रधान उमेश कुमार सिंह ने बताया कि अंशु सिंह के माता-पिता दोनों पहले ही खत्म हो गए हो गए थे, जबकि रुद्र सिंह के पिता बाहर मजदूरी का काम करते हैं। दोनों ही बच्चे अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे।

होली खेलने के बाद नहाने गए दो युवकों की डूबकर मौत

जौनपुर में अलग-अलग स्थानों पर होली खेलने के बाद नदी में नहाने गए गए दो युवकों की शुक्रवार को डूबने से मौत हो गई।  बालवरगंज निवासी आनंद गुप्ता (28) दोपहर बाद दोस्तों के साथ हिम्मत नगर स्थित कारूबीर घाट पर नहाने के लिए गया था। कुछ देर तक वह पानी से नहीं निकला तो दोस्तों ने आसपास के लोगों को जानकारी दी।

इसके बाद ग्रामीण उसकी खोजबीन में जुट गए। घटना की जानकारी मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद शाम को उसका शव निकलवाया। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और छिटपुट कार्य करके घर का खर्चा चलाता था। उधर, बरईपार  मछलीशहर कोतवाली के सकरा गांव निवासी व अधिवक्ता चंद्रप्रकाश पांडेय का बेटा प्रशांत (18) शुक्रवार को गांव के लड़कों के साथ नदी में नहाने गया था।

गहरे पानी में जाने से वह डूब गया।  45 मिनट के प्रयास के बाद लोगों ने प्रशांत को खोज निकाला। इसके बाद उसे लेकर मछलीशहर स्थित  एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। प्रशांत  दो बहनों में इकलौता था। वहीं, घटना की जानकारी होने पर राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने अपने फेसबुक पेज पर घटना को लेकर शोक जताया है।

सोर्स: यह Amar Ujala न्यूज फीड से सीधे पब्लिश हुई खबर है. इसके साथ श्रमजीवी जर्नलिस्ट टीम ने किसी तरह की कोई एडिटिंग नहीं की है. ऐसे में संबंधित खबर को लेकर कोई भी जिम्मेदारी न्यूज एजेंसी की ही होगी.

Related Articles

Back to top button