पेंशनधारकों के लिए डाक विभाग की सौगात, अब घर बैठे बनेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र- कृष्ण कुमार यादव

अब पेंशनधारकों को जीवन प्रमाणपत्र (हयाती) जमा करने के लिए ट्रेजरी, बैंक या अन्य किसी विभाग में जाने की आवश्यकता नहीं है।  पेंशनर अपने नजदीकी डाकघर के पोस्टमैन या ग्रामीण डाक सेवक के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जारी करवा सकते हैं। इसके लिए मात्र 70 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। यह प्रमाणपत्र स्वतः संबंधित विभाग को ऑनलाइन पहुंच जाएगा। इससे पेंशन मिलने में कोई रुकावट नहीं आएगी। उक्त जानकारी उत्तर गुजरात परिक्षेत्र, अहमदाबाद के पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने दी। यह पहल ‘डिजिटल इंडिया’ के विज़न को सशक्त बनाते हुए सरकारी सेवाओं को नागरिकों के घर तक पहुँचाने की दिशा में डाक विभाग का एक महत्वपूर्ण कदम है। इसी क्रम में अहमदाबाद में श्री घनश्यामभाई हरगोवनदास एवं श्रीमती जीविबेन दलाभाई परमार, जो कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पेंशनभोगी हैं, का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव की उपस्थिति में डाकिया के माध्यम से सफलतापूर्वक बनाकर इस सेवा का शुभारंभ किया गया।

पोस्टमास्टर जनरल श्री कृष्ण कुमार यादव ने कहा कि डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जिसे ‘जीवन प्रमाण’ भी कहा जाता है, भारत सरकार द्वारा पेंशनभोगियों के लिए शुरू की गई एक बायोमेट्रिक और आधार-आधारित डिजिटल सेवा है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार, राज्य सरकार या अन्य सरकारी संगठनों के पेंशनभोगी बिना बैंक या पेंशन कार्यालय जाए, घर बैठे ही अपने जीवित होने का प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं ताकि उनकी पेंशन बिना किसी रुकावट के जारी रहे। श्री यादव ने बताया कि इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के माध्यम से केंद्र व राज्य सरकार सभी विभागों के पेंशनरों को घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्रदान करने की सुविधा प्रदान की जा रही है। पेंशनर इस सुविधा को प्राप्त करने के लिए अपने क्षेत्र के पोस्टमैन से  संपर्क कर सकते है। डाकिया पेंशनर के घर आकर बायोमेट्रिक डिवाइस (अंगूठे या उंगली के निशान) के जरिए उनका डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बना देगा। इसके लिए पेंशनर को आधार नंबर, मोबाइल नंबर, और पीपीओ नंबर देना होगा। प्रमाणपत्र जनरेशन प्रक्रिया पूरी होने पर, पेंशनर को उनके मोबाइल नंबर पर एक पुष्टि एस.एम.एस प्राप्त होगा और प्रमाण पत्र को https://jeevanpramaan.gov.in/ppouser/login पर अगले दिन डाउनलोड किया जा सकेगा। इस पहल का उद्देश्य फेस ऑथेंटिकेशन (चेहरा प्रमाणीकरण) तकनीक और फिंगरप्रिंट बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की डिजिटल प्रक्रिया के उपयोग को बढ़ावा देना है, जिससे सभी पेंशनरों, विशेष रूप से दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वालों को सुविधाजनक सेवाएं मिल सकें।

उल्लेखनीय है कि जब प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2018 में देशभर में इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक का शुभारंभ किया था, तब ‘बैंकिंग सेवाएं आपके द्वार’ उनका प्रमुख विजन था। इसी विजन को आगे बढ़ाते हुए डाक विभाग के इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक द्वारा पेंशन एवं पेंशनभोगी कल्याण विभाग के सहयोग से 1 से 30 नवंबर, 2026 तक राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 का आयोजन किया गया है।

गौरतलब है कि पेंशनरों को प्रत्येक वर्ष  सामान्यतया नवंबर और दिसंबर माह में कोषागार, बैंक या संबंधित विभाग में जीवन प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होता है। इसके लिए  दूरदराज इलाके के पेंशनरों को कोषागार आने में कई बार कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है एवं यात्रा आदि में भी काफी व्यय होता है। ऐसे में डाक विभाग की इस पहल से  पेंशनरों को काफी सहूलियत मिलेगी। इसके साथ-साथ पेंशनर डाकिया के माध्यम से घर बैठे पेंशन की धनराशि आधार इनेबल्ड पेमेंट सिस्टम के माध्यम से अपने बैंक खाते से निकाल सकते हैं।

Related Articles

Back to top button