8 राज्यों में प्रदुषण ने तोड़ा रिकॉर्ड, सांस लेना हुआ मुश्किल

HR Breaking News (AQI Update ) : दिवाली के बाद देशभर में वायु प्रदूषण ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। उत्तर भारत के कई शहरों में हवा की गुणवत्ता बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। प्रदूषण के मामले में हरियाणा सबसे ज्यादा प्रभावित राज्यों में शामिल है। देश के 30 शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 300 से ऊपर दर्ज किया गया। इनमें हरियाणा (Haryana AQI) के 11 शहर शामिल हैं। सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में बहादुरगढ़ पहले और चरखी दादरी दूसरे स्थान पर रहा। वहीं दिल्ली 12वें नंबर पर पहुंच गई।

हरियाणा के इन शहरों की हवा खराब  

देश के 11 शहर ऐसे रहे, जहां प्रदूषण का स्तर दिल्ली से भी अधिक दर्ज किया गया। इनमें 8 शहर एनसीआर के हैं। टॉप-11 प्रदूषित शहरों में हरियाणा के 7, राजस्थान और उत्तर प्रदेश के 2-2 शहर शामिल हैं। हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक्यूआई (AQI in Bahadurgarh) 400, चरखी दादरी में 389 और रोहतक में 378 दर्ज किया गया। इसके अलावा खोड़ा में 380, अनपरा में 355 और फरीदाबाद व पंचगांव में 350 एक्यूआई रहा। गुरुग्राम में 345, भिवानी में 340, मानेसर में 333, बल्लभगढ़ में 316 और कैथल व नारनौल में 305 से अधिक प्रदूषण दर्ज किया गया।

2022 के बाद पहली बार दिवाली के अगले दिन दिल्ली की हवा में सुधार

दिवाली के बाद दिल्ली की हवा में मामूली सुधार देखने को मिला है। वर्ष 2022 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है, जब दिवाली के अगले दिन राजधानी का एक्यूआई घटा। दिवाली के दिन दिल्ली में एक्यूआई 376 था, जो अगले दिन 344 पर आ गया। हालांकि हवा अब भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। वर्ष 2025 में दिवाली के दिन एक्यूआई 345 था, जो अगले दिन बढ़कर 351 हो गया था। 2024 में दिवाली के दिन 328 और अगले दिन 339, जबकि 2023 में 218 से बढ़कर 358 हो गया था।

प्रदूषण के बिगड़ते हालात, अच्छी हवा वाले शहर घटे

दिवाली के बाद देश में प्रदूषण का दायरा बढ़ा है। 300 से अधिक एक्यूआई वाले शहरों की संख्या 22 से बढ़कर 30 हो गई है। वहीं 200 से अधिक एक्यूआई वाले शहर 48 से बढ़कर 94 तक पहुंच गए। इसके विपरीत 100 से कम एक्यूआई वाले शहरों की संख्या 92 से घटकर केवल 39 रह गई है।

पूर्वी हवाओं ने रोका प्रदूषण का स्तर और बढ़ना

मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत (Weather expert Mahesh Palawat) के अनुसार दिवाली की रात दिल्ली सहित उत्तर भारत में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पूर्वी हवाएं चलीं। इन हवाओं के कारण पटाखों से निकले प्रदूषक कण वातावरण में एक जगह जमा नहीं हो सके और आगे बढ़ते रहे। इससे प्रदूषण का स्तर संभावित रूप से और अधिक बढ़ने से बच गया।

उन्होंने बताया कि यदि हवा की गति कम रहती और पश्चिमोत्तर दिशा से शुष्क हवाएं चलतीं तो प्रदूषण का स्तर नया रिकॉर्ड बना सकता था। पूर्वी हवाओं में मौजूद नमी और धुएं के मिश्रण से वातावरण में धुंध बनी, जिससे सूर्य की सीधी रोशनी भी प्रभावित हुई। अगले 2 से 3 दिन तक ऐसी स्थिति रहने की संभावना है। इसके बाद उत्तर-पश्चिमी दिशा से धीमी गति की शुष्क हवाएं चलने पर प्रदूषण फिर बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button