24 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

राजधानी दिल्ली सहित पांच महानगरों में उत्तर प्रदेश के हुनर की विविधता देखने को मिलेगी: डा0 नवनीत सहगल

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: जल्द ही देश की राजधानी दिल्ली सहित पांच महानगरों में उत्तर प्रदेश के हुनर की विविधता नजर आएगी। राज्य सरकार वहां एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) का शोरूम खोलने जा रही है। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के नवी मुंबई स्थित उत्तर प्रदेश भवन, कोलकाता के गरिया हाट स्थित दक्षिणायन शॉपिंग कॉम्पलेक्स और अहमदाबाद के अंबाबादी में भी ओडीओपी के शोरूम खोले जाएंगे। गुजरात में नर्मदा तट पर स्थित स्टेच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में भी यूपी के ओडीओपी उत्पाद शान बढ़ाएंगे।
सरकार के पास इन सभी शहरों के बीचों-बीच जगह उपलब्ध है। इनमें गंगोत्री शोरूम संचालित किए जा रहे हैं। सरकार इनका नवीनीकरण कराकर इनमें ओडीओपी के भी उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध कराएगी। दिल्ली के कनॉट प्लेस में जहां ओडीओपी उत्पादों के लिए शोरूम खुलना है, वहां 4000 वर्गफीट से अधिक जगह उपलब्ध है और कार्य भी प्रगति पर है। अहमदाबाद में यूपी सरकार के पास 3000 वर्गफीट तथा नवी मुंबई में 1000 वर्गफीट जमीन उपलब्ध है, जहां ओडीओपी शोरूम खोलने की तैयारी है। इसके अलावा देश के सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों, हवाई अड्डों और प्रदेश के ऐसे सभी स्थानों पर ओडीओपी शोरूम खोलने की है जहां सरकार के पास पहले से जगह उपलब्ध है।
अपर मुख्य सचिव, सुक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, डा0 नवनीत सहगल बताते हैं कि ओडीओपी शोरूम बड़े परिसरों में खोलने की तैयारी है, ताकि वहां प्रदेश के ज्यादा से ज्यादा जिलों के उत्पाद प्रदर्शित किए जा सकें। शोरूम में आने वालों के लिए 100 से अधिक जायके में मुजफ्फरनगर का गुड़, बच्चों के लिए झांसी के खिलौने, कन्नौज का विश्व प्रसिद्ध इत्र, बनारस की रेशमी साड़ियों के अलावा लखनऊ के चिकन के कपड़े, मुरादाबाद के पीतल के उत्पाद, हाथरस की खुशबूदार हींग के साथ तमाम प्रकार के विकल्प उपलब्ध होंगे। लोग प्रदेश के हर जिले के खास उत्पाद से परिचित हो सकेंगे। उन्होंने बताया कि ओडीओपी मुख्यमंत्री की प्राथमिकता वाली योजनाओं में है। इसके जरिए स्थानीय हुनरमंदों के हुनर की पहचान और मुकम्मल होगी। स्थानीय स्तर पर लोगों को रोजगार उपलब्ध होंगे। जगह-जगह ओडीओपी शोरूम खुलने से यूपी के जिलों के खास उत्पादों की अच्छी ब्रांडिंग होगी। प्रदेश के कई स्थानीय उत्पाद देश-दुनिया में ब्रांड बनकर उभरे रहे हैं।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More