देश में कम हुई बेरोजगारी, 5.4% से गिरकर 5.1% पर पहुंची; गांवों में बढ़े रोजगार के मौके

भारत में बेरोजगारी को लेकर अच्छी खबर सामने आई है. जुलाई से सितंबर 2026 की तिमाही में देश की बेरोजगारी दर घटकर 5.1 फीसदी पर आ गई है, जबकि इससे पिछली तिमाही यानी अप्रैल से जून 2026 में यह आंकड़ा 5.4 फीसदी था. बेरोजगारी दर में आई इस गिरावट की सबसे बड़ी वजह ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के मौके बढ़ना है. हालांकि, शहरी इलाकों में बेरोजगारी दर में मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है.
Ministry of Statistics and Programme Implementation (MoSPI) की ओर से जारी Periodic Labour Force Surve (PLFS) के आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई है. सर्वे के मुताबिक, देश में रोजगार पाने वाले लोगों की संख्या के साथ-साथ काम करने या रोजगार तलाशने वाले लोगों की हिस्सेदारी में भी सुधार हुआ है.
ग्रामीण क्षेत्रों में घटी बेरोजगारी, शहरों में बढ़ा आंकड़ा
PLFS के आंकड़ों के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी दर घटकर 4.3 फीसदी रह गई, जो अप्रैल-जून तिमाही में 4.8 फीसदी थी. यानी गांवों में बेरोजगारी की स्थिति में सुधार हुआ है.
वहीं, शहरी क्षेत्रों की बात करें तो यहां बेरोजगारी दर 6.7 फीसदी से बढ़कर 6.8 फीसदी हो गई. इससे साफ है कि देश के ग्रामीण इलाकों में रोजगार की स्थिति बेहतर हुई है, जबकि शहरों में अभी भी रोजगार से जुड़ी चुनौतियां बनी हुई हैं.
रोजगार की तलाश करने वालों की संख्या में भी इजाफा
सर्वे के अनुसार, 15 साल और उससे अधिक उम्र के उन लोगों की हिस्सेदारी बढ़कर 55.5 फीसदी हो गई, जो या तो काम कर रहे हैं या रोजगार की तलाश में हैं. पिछली तिमाही में यह आंकड़ा 54.6 फीसदी था.
ग्रामीण क्षेत्रों में यह हिस्सेदारी 56.9 फीसदी से बढ़कर 58.1 फीसदी हो गई. वहीं, शहरी क्षेत्रों में यह आंकड़ा लगभग स्थिर रहा और 50.2 फीसदी से बढ़कर 50.4 फीसदी पर पहुंच गया.
इसके अलावा, देश में वास्तव में रोजगार पाने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. अप्रैल-जून 2026 में यह 51.7 फीसदी थी, जो जुलाई-सितंबर तिमाही में बढ़कर 52.7 फीसदी हो गई.
महिलाओं की रोजगार में भागीदारी बढ़ी
इस सर्वे की एक अहम बात यह है कि रोजगार के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी में भी सुधार देखने को मिला है. जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान काम करने या नौकरी तलाशने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़कर 34.7 फीसदी हो गई, जबकि पिछली तिमाही में यह 33.2 फीसदी थी.
वहीं, वास्तव में रोजगार में शामिल महिलाओं की हिस्सेदारी भी 31.3 फीसदी से बढ़कर 32.8 फीसदी हो गई. इससे पता चलता है कि देश में महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों और रोजगार में भागीदारी बढ़ रही है.
खेती-किसानी से जुड़े रोजगार में हुई बढ़ोतरी
ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार बढ़ने के साथ कृषि क्षेत्र में काम करने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी बढ़ी है. आंकड़ों के मुताबिक, अप्रैल-जून 2026 में ग्रामीण क्षेत्रों के कुल कामगारों में कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों की हिस्सेदारी 52.9 फीसदी थी, जो जुलाई-सितंबर 2026 में बढ़कर 56.7 फीसदी हो गई.
इसके अलावा, ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार करने वाले लोगों की हिस्सेदारी भी 61.4 फीसदी से बढ़कर 62.7 फीसदी हो गई. वहीं, शहरी क्षेत्रों में नियमित वेतन वाली नौकरियां करने वाले लोगों की हिस्सेदारी में मामूली सुधार हुआ है. यह आंकड़ा 49.3 फीसदी से बढ़कर 49.6 फीसदी पर पहुंच गया.
देश में 57.9 करोड़ लोगों के पास रोजगार
मंत्रालय के अनुमान के मुताबिक, जुलाई-सितंबर 2026 के दौरान देश में 15 साल और उससे अधिक उम्र के औसतन 57.9 करोड़ लोगों के पास रोजगार है. इनमें 40.5 करोड़ पुरुष और 17.4 करोड़ महिलाएं शामिल थीं.




