मिशन शक्ति अभियान के तहत कु० कनक राठौर बनीं एटा में एक दिन की प्रतीकात्मक अधिशासी अभियन्ता

उत्तर प्रदेश ग्रामीण विकास सड़क अभिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य के निर्देशों के अनुपालन में बालिका सशक्तिकरण एवं उनके नेतृत्व कौशल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से असीसी कान्वेंट स्कूल, एटा की कक्षा 9वीं की मेधावी छात्रा कु० कनक राठौर को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक रूप से UPRRDA (ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग) का अधिशासी अभियन्ता बनाया गया। UPRRDA द्वारा प्रदेश भर में वृहत 'मिशन शक्ति अभियान' पूरी गति और प्रतिबद्धता के साथ चलाया जा रहा है। ग्रामीण बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने और ग्रामीण समाज में सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से यह अभियान मील का पत्थर साबित हो रहा है। 

इस विशेष अवसर पर कार्यालय परिसर में श्री आलोक कुमार श्रीवास्तव (अधिशासी अभियन्ता / जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी, एटा) एवं समस्त कार्यालय कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय अधिकारियों द्वारा कु० कनक राठौर को जनपद में चल रहे विकास कार्यों, गुणवत्ता नियंत्रण तथा निर्माण कार्यों में स्थानीय निवासियों एवं जन-सामान्य की भागीदारी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही देश के विकास में युवाओं के योगदान पर भी चर्चा की गई। 

पदभार ग्रहण करने के उपरांत प्रतीक स्वरूप अधिशासी अभियन्ता बनीं कु० कनक राठौर ने कार्यालय के सुचारु संचालन एवं बेहतर वातावरण हेतु महत्वपूर्ण सुझाव व निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय परिसर में पूर्ण स्वच्छता बनाए रखने, पुराने फर्नीचर को हटवाकर अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए आरामदायक फर्नीचर की व्यवस्था करने, शौचालयों की नियमित सफाई, शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा परिसर को सुंदर व स्वास्थ्यवर्धक बनाने के लिए पौधारोपण कर हरियाली विकसित करने की अपेक्षा जताई।

Related Articles

Back to top button