41 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

सोगू की हैट्रिक ने मुंबई को प्लेऑफ में पहुंचाया

खेल समाचार

कोलकाता: मोदू सोगू के हैट्रिक के दम पर मुंबई सिटी एफसी ने हीरो इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के पांचवें सीजन में विवेकानंद युवा भारती क्रीड़ांगन स्टेडियम में खेले गए मैच में मेजबान एटीके को 3-1 से हराते हुए प्लेऑफ में जगह बना ली है। सोगू ने शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में पहले हाफ में दो और दूसरे हाफ में एक गोल किया। एटीके के लिए एकमात्र गोल आंद्रे भिके ने किया। इस जीत से मुंबई प्लेऑफ में जाने वाली तीसरी टीम बन गई है। बेंगलुरू एफसी और एफसी गोवा पहले ही अंतिम-4 में पहुंच चुकी हैं। यह मुंबई का 17वां मैच था जिसे जीतकर उसने अपने अंकों की संख्या 30 कर प्लेऑफ में कदम रखा। एटीके की यह 17 मैचों में छठी हार है। वह 21 अंकों के साथ छठे स्थान पर ही है। दो बार की विजेता का प्लेऑफ में जाने का सपना पहला ही टूट चुका था। सोगू ने 26वें मिनट में पहला गोल किया। प्रांजल भुमजी ने सोगू को लंबा पास दिया।

सोगू ने गेंद अपने पास ली और पहले ही टच में गेंद को नेट में डाल मुंबई को 1-0 की बढ़त दिला दी। एटीके वापसी कर पाती उससे पहले ही सोगू ने मुंबई के लिए दूसरा गोल कर दिया। इस बार उनकी मदद आर्नल्ड इसोको ने की। इसोको ने बाएं फ्लैंक से लंबा पास दिया और एक बार फिर सोगू ने गेंद को पहले टच में नेट में डाल मुंबई की बढ़त को दोगुना कर दिया।

सोगू ने अपना और टीम का तीसरा गोल 60वें मिनट में किया। ऐसा नहीं था कि एटीके बिल्कुल भी मौका नहीं बना पा रही थी। उसकी राह में हमेशा मुंबई के गोलकीपर अमरिंदर ही बाधा बन रहे थे, लेकिन आंद्रे भिके ने अंतत: 67वें मिनट में अमरिंदर की दीवार को अपने हैडर से गिरा दिया। आंद्रे के पास गेंद प्रीतम कोटाल से आई थी। कोटाल ने बाएं फ्लैंक से गेंद को बॉक्स के अंदर डाला और आंद्रे ने शानदार हैडर से उसे गोल में भेज दिया। यहां अमरिंदर सिर्फ देखते रह गए।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More