डिजिटल शिक्षा को घर-घर पहुंचाने में पीएम ई-विद्या बना पढ़ाई का संसाधन

प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल को लगातार विस्तार दे रही है। सरकार का जोर है कि डिजिटल संसाधन विद्यार्थियों की पहुंच से दूर रहने वाली सुविधा न होकर सीखने का सहज, सुलभ और प्रभावी माध्यम बनें। 2017 से पहले जहां डिजिटल शिक्षा केवल बड़े प्राइवेट स्कूलों तक सीमित थी, वहीं अब प्रदेश सरकार उसे परिषदीय विद्यालय के हर बच्चे के घर तक पहुंचा रही है।
शिक्षा के इस क्षेत्र में पीएम ई-विद्या डिजिटल प्लेटफॉर्म विद्यार्थियों और शिक्षकों को पढ़ाई से जुड़े आवश्यक संसाधन एक ही मंच पर निःशुल्क उपलब्ध करा रहा है। प्रदेश सरकार की डिजिटल शिक्षा नीति का लक्ष्य तकनीक को शिक्षा का विकल्प बनाने के साथ-साथ उसे सीखने की प्रक्रिया का प्रभावी सहयोगी बनाना है। पीएम ई-विद्या इसी सोच को व्यापक डिजिटल पहुंच में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पीएम ई-विद्या को विद्यार्थियों के लिए डिजिटल शिक्षा के एक उपयोगी मंच के रूप में देखा जा रहा है। इसमें पढ़ाई से जुड़े आवश्यक डिजिटल संसाधनों तक एक ही स्थान से पहुंच बनाने की सुविधा है। इससे विद्यार्थियों को सीखने के लिए अलग-अलग माध्यमों पर निर्भरता कम होगी और डिजिटल सामग्री तक पहुंच अधिक सहज होगी। पहले बच्चे को एक विषय के लिए एक ऐप और दूसरे विषय के लिए दूसरा ऐप खोजना पड़ता था, लेकिन अब पीएम ई-विद्या पर एक ही जगह पर वीडियोलेक्चर, ई-बुक्स, ऑडियोकंटेंट और अन्य पठन सामग्री मिल रही है। शिक्षक भी उपलब्ध डिजिटल संसाधनों को अपनी कक्षा शिक्षण प्रक्रिया के सहयोगी माध्यम के रूप में उपयोग कर सकते हैं, जिससे कक्षा-शिक्षण और अधिक रोचक बनेगा।
पीएम ई-विद्या की महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि डिजिटल लर्निंग से जुड़े सभी संसाधन पूरी तरह से निःशुल्क उपलब्ध हैं। इससे विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार घर बैठे डिजिटल माध्यम का उपयोग कर अध्ययन कर सकते हैं। गांव के उस बच्चे के लिए भी यह वरदान है, जिसके पास महंगी कोचिंग या किताबें खरीदने के पैसे नहीं हैं। वह अपने माता-पिता के फोन पर ही पीएम ई-विद्या से पढ़ सकता है। डिजिटल संसाधनों की आसान उपलब्धता विद्यार्थियों के सीखने के अवसरों को विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। एक ही मंच पर सामग्री उपलब्ध होने से डिजिटल शिक्षा को अधिक समावेशी, सुलभ और प्रभावशाली बनाने में मदद मिलेगी।
पीएम ई-विद्या ऐपएंड्रॉयड और आईओएस, दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। एंड्रॉयड उपयोगकर्ता इसे गूगल प्ले स्टोर तथा आईओएस उपयोगकर्ता एप्पलऐपस्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं। इससे विभिन्न डिजिटल उपकरणों का उपयोग करने वाले विद्यार्थी और शिक्षक इस मंच से जुड़ रहे हैं। यानी चाहे सस्ता एंड्रॉयड फोन हो या आईफोन, हर बच्चे की पढ़ाई अब एक ऐप पर होगी। सोशल मीडिया के माध्यम से भी पीएम ई-विद्या ऐप के बारे में जानकारी साझा की जा रही है, जिससे विद्यार्थी, शिक्षक और अभिभावक इससे जुड़ सकें। एससीईआरटी के माध्यम से डिजिटल संसाधनों को विद्यार्थियों और शिक्षकों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है और यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि विद्यालयी शिक्षण में इनका अधिकतम उपयोग हो।

Related Articles

Back to top button