33 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

पश्चिमी बेड़े के पोत 20 सितंबर से दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर

देश-विदेश

नई दिल्ली: दक्षिण अफ्रीका के साथ भारत की प्रतिबद्धता और हिंद महासागर क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा के मद्देनजर भारतीय नौ सेना के पोत आईएनएस कोलकाता, आईएनएस त्रिकंड और आईएनएस आदित्‍य 20 से 23 सितंबर 2016 को दक्षिण अफ्रीका का दौरा करेंगे। इसका नेतृत्‍व पश्चिमी बेड़े के फ्लैग ऑफिसर रियर एडमिरल रबनीत सिंह एनएम कर रहे हैं। ये जहाज तीन दिन के दौरे पर आज (20 सितंबर,2016) डरबन पहुंच गए हैं। ये पोत मुंबई स्थित भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े से संबंधित हैं और इन्‍हें दो महीने के लिए पश्चिमी हिंद महासागर में तैनात किया गया है। आईएनएस कोलकाता के कमांडर कैप्‍टन राहुल विलास गोखले, आईएनएस त्रिकंड के कमांडर कैप्‍टन अर्जुन देव नायर और आईएनएस आदित्‍य के कमांडर कैप्‍टन विद्यांशु श्रीवास्‍तव हैं।

इस दौरे में भारतीय युद्धपोत दक्षिण अफ्रीका की नौसेना के साथ व्‍यावसायिक आदान-प्रदान करेंगे ताकि दोनों देशों के बीच सहयोग बढ़े और आतंकवाद तथा समुद्री डाकुओं जैसे समुद्री खतरों का मुकाबला करने के लिए साझा कार्रवाई संभव हो सके। इसके साथ ही वरिष्‍ठ सरकारी एवं सैन्‍य अधिकारियों के साथ मुलाकात भी की जाएगी। अफ्रीकी नौसेना के साथ प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग, खेल, सांस्‍कृतिक आदान-प्रदान का भी आयोजन किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका में भारतीय मूल के लोगों की एक बड़ी तादाद रहती है और भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के बीच नजदीकी एवं घनिष्‍ठ राजनीतिक एवं रणनीतिक संबंध हैं। अभी हाल में प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी की दक्षिण अफ्रीका की या‍त्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों में प्रगाढ़ता बढ़ी है। द्विपक्षीय संबंधों को प्रोत्‍साहन देने के लिए रक्षा क्षेत्र में सहयोग किया जा रहा है, जिसमें समुद्री सुरक्षा और प्रशिक्षण जैसे क्षेत्रों को चिन्हित किया गया है। उल्‍लेखनीय है कि भारतीय नौसेना के पोत पिछली बार नवंबर 2014 को दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर गए थे। उसी तरह दक्षिण अफ्रीका की नौ सेना ने इंटरनेशनल फ्लीट रिव्‍यू में हिस्‍सा लिया था, जिसकी मेजबानी फरवरी 2016 में भारत ने की थी।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More