नई दिल्ली: रूसी संघ के राष्ट्रपति महामहिम श्री व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति श्री राम नाथ कोविन्द से भेंट की। राष्ट्रपति ने भारत में रूसी राष्ट्रपति का स्वागत करते हुए कहा कि भारत और रूस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंध आगे बढ़ रहे है। 19वीं वार्षिक द्विपक्षीय शिखर बैठक सफल रही है। उन्होंने कहा कि हमारे संबंधों के लिए यह वर्ष उपयोगी रहा है और महत्वपूर्ण उपलब्धियां प्राप्त की गई हैं।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत-रूस विशेष और सम्मानित रणनीतिक साझेदारी में श्री पुतिन के व्यक्तिगत योगदान की गंभीरता से सराहना करता है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग मजबूत हुआ है और आगे बढ़ रहा है। राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी रणनीतिक साझेदारी के प्रमुख स्तंभों में एक सैन्य तकनीकी सहयोग पर काफी विकास हुआ है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत रूस के साथ आर्थिक संबंधों को बढ़ाना चाहता है। अभी द्विपक्षीय व्यापार 10 बिलियन डॉलर का है। हमें 2025 तक 30 बिलियन डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए काम करना चाहिए।
राष्ट्रपति ने कहा कि हमारी साझेदारी को मजबूत बनाने के लिए भारतीय राज्यों और रूसी क्षेत्रों के बीच अन्तर-क्षेत्रीय सहयोग महत्वपूर्ण है। हमें इस संबंध को प्रोत्साहित करना चाहिए। राष्ट्रपति ने कहा कि हम मानते हैं कि रूसी सुदूर पूर्व नया फोकस क्षेत्र बन सकता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि भारत और रूस के बीच हमेशा शानदार सांस्कृतिक संबंध रहे है। उन्होंने 30 वर्षों के अंतराल के बाद रूसी संघ में भारत समारोह के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त की। समारोह का उद्घाटन क्रेमलीन पेलैस में किया गया और यह रूस के विभिन्न शहरों में मार्च, 2019 तक चलेगा।