35 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

जनता इनके चाल, चरित्र से भलीभाँति वाकिफ है: राजेन्द्र चौधरी

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता एवं कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी ने कहा है कि भाजपा और बसपा बिना खेत और बीज बोए फसल काटने का हवाई सपना देख रहे हैं। उत्तर प्रदेश के विकास में इनका योगदान शून्य है और जनता ने हर चुनाव मे इन्हें दूसरे तीसरे पायदान पर ही रखा है तो भी ये खामखाँ बहुमत के दावेदार बन रहे हैं। जनता इनके चाल, चरित्र से भलीभाँति वाकिफ है और वह देख चुकी है कि जब इन्हें सत्ता में आने का मौका मिलता है किस तरह से ये जनता से मुँह मोड़ लेते हैं और सिर्फ अपने ही विकास पर केन्द्रित हो जाते हैं।
भाजपा और बसपा दोनो दलों के नेता उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के खिलाफ एक सुर में बोल रहे हैं। दोनो को उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के विकास कार्यो से चिढ़ है और वे पूर्वाग्रह से ग्रस्त होने के कारण वस्तुस्थिति को समझने में विफल साबित हो गए हैं। इसके पीछे एक कारण यह भी है कि इन दोनो दलो के बीच बहुत पहले से अन्दरखाने परस्पर सहयोग की सहमति बनी हुई है। इसीलिए भाजपा बसपा सरकार की बैसाखी बनती है तो बसपा अध्यक्ष गुजरात जाकर भाजपा के पक्ष में प्रचार कर आती है।
बसपा अध्यक्ष को जब भी सरकार में आने का मौका मिला दलितों का उत्पीड़न बढ़ा है। सत्ता का दुरुपयोग कर ज्यादा से ज्यादा संपत्ति बटोरना उनका लक्ष्य रहा है। कानून व्यवस्था का हाल तब इतना बुरा था कि उनके दल के ही विधायक मंत्री महिलाओं और किशोरियों का शील हरण कर रहे थे। हर तरफ भ्रष्टाचार और कमीशन खोरी का आलम था। सरकारी खजाना बसपा मुख्यमंत्री अपनी प्रतिमाओं पर और पत्थर के हाथियों पर लुटा रही थी। पार्को, स्मारकों के नाम पर लूट मची थी। आज बसपा प्रमुख को उत्तर प्रदेश में कुछ भी अच्छा होते नही दिख रहा है। दरअसल वे चुनावों में जनता द्वारा तिरस्कृत किये जाने से बुरी तरह कुंठित है और हताशा में उल्टे सीधे बयान देती रहती है।
भाजपा की दशा तो और बुरी है। उसके पास उत्तर प्रदेश में एक दिखावटी चेहरा भी नही है। लोकसभा में भाजपा के 73 सांसद और केन्द्र सरकार में दर्जन भर मंत्री है। इसके बावजूद कभी उत्तर प्रदेश के किसानों, नौजवानों, श्रमिकों और कमजोर वर्ग के लोगो के हित की योजनाओं में राज्य की मदद बढ़ाने की वकालत नही हुई। केन्द्र का व्यवहार लगातार सौतेलापन का है। जिन वादों के बल पर केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी उसने एक भी अपना वादा पूरा नही किया। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अब झूठे वादों की खेती करके जनता को गुमराह करने में लगे हैं। उनकी जुमलेबाजी में अब कोई फँसने वाला नही है।
उत्तर प्रदेश विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने प्रदेश को महत्वाकांक्षी समाजवादी पंेशन योजना, 108 नं0 समाजवादी एम्बुलेन्स सेवा, 102 नं0 प्रसूताओं के लिए एम्बुलेन्स सेवा, महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 सेवा शुरु की है। 100 नं0 डायल पर तत्काल पुलिस पहुँचती है। लैपटाप, कौशल विकास मिशन, स्वयं रोजगार योजनाओं से नौजवानों का भविष्य सुधर रहा है। मेट्रो रेल, कैंसर अस्पताल, आई0टी0 हब, अन्तर्राष्टीय स्तर के स्टेडियम बन रहे हैं। बसपा और भाजपा नेता समाजवादी सरकार के खिलाफ चाहे जितना अनर्गल बोल लें लेकिन गंजे को नाखून नही मिलने वाले हैं।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More