30 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला को कोई नकार नहीं सकता: प्रियंका गांधी

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: “कांग्रेस प्रतिज्ञा वर्चुअल महारैली” को संबोधित करते हुए कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव और उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी ने कहा कि नेता का धर्म होता है जनता की सेवा करना। लेकिन ये सारे नेता ये धर्म भूल चुके हैं। जब आप पर संकट आया तब ये सब बाहर ही नहीं निकले, न आपसे पूछा कि आप कैसे हैं, तब कांग्रेस के लोग सड़कों पर लोगों की मदद कर रहे थे। भाजपा नेता कहते हैं कि कांग्रेस ने 70 सालों में क्या किया? कांग्रेस ने बनाया नहीं होता तो भाजपा बेचती क्या? भाजपा सरकार बंदरगाह, कंपनियां, वो तमाम संस्थान जो बेच रही है, किसने बनाया? भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि जिन पूंजीपतियों को सारी संपत्ति बेची जा रही है, वे रोजगार नहीं बनाते। रोजगार बनते हैं पीएसयू से और छोटे छोटे उद्योगों से। सारी कंपनियां दो लोगों को बेची जा रही हैं और जो बची हैं, वे भी उन्हीं को बेचने की योजना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसी पार्टी है जिसने काम किया है और आज आपसे अपने काम के आधार पर समर्थन मांग रही है। प्रदेश की 197 विधानसभाओं में गली, नुक्कड़, चौराहों, दुकानों, कार्यालयों पर लगभग 1.12 लाख लोग प्रोजेक्टर/स्म्क्/लैपटॉप/टी.वी के माध्यम से वर्चुअल महारैली से जुड़े। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्विटर, फ़ेसबुक एवं यूट्यूब पर लाखों लोगों ने वर्चुअल महारैली में भागीदारी की।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि चुनाव में आपके सामने सारी पार्टी आ रही हैं, चुनाव के समय सब नेता आ रहे हैं और कुछ ना कुछ प्रचार कर रहे हैं। मैं पिछले 3 वर्ष में यूपी के तकरीबन सारे जिलों में किसी ना किसी मौके पर गई हूं। मैं युवाओं, महिलाओं से मिली, दलित वर्ग के लोगों से मिली, मिडिल क्लास के लोगों से मिली, यूपी की तमाम जनता से मिली, उनमें अधिकतर यही बता रहे हैं कि पिछले 5 सालों में भाजपा के राज में कोई विकास नहीं हुआ।

बेरोजगार नौजवान के लिए समाधान ‘‘भर्ती विधान’’

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में नौजवानों की सबसे बड़ी समस्या बेरोजगारी है। ऐसे नौजवान हैं जिन्होंने अपनी जिंदगी के कई साल गवां दिए लेकिन रोजगार नहीं मिल रहा।
तमाम नौजवान बेरोजगार हैं, किसी भी शहर में जाएं पढ़े-लिखे बच्चे हैं आप जैसे माता-पिता ने उनको मेहनत करके, अपने खून-पसीने की कमाई से उनको पढ़ाया, क्वालीफिकेशंस है, लेकिन रोजगार नहीं मिल पा रहा है। ऐसे लाखों नौजवान हैं, जो वर्षों से नौकरी के इंतजार में हैं। इस सरकार में परीक्षाएं लटकाई गईं, भर्तियां रद्द होती हैं, पेपर लीक हो रहे हैं, नौजवान बेरोजगारी के चक्रव्यूह में फंस गए हैं। फिर भी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं क्योंकि उन्होंने परीक्षाओं की तैयारी में अपना पैसा खर्च किया, मेहनत की, तो उम्मीद होती है कि रोजगार मिलेगा। यूपी में 12 लाख पद खाली पड़े हैं लेकिन युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। सरकार नौकरी नहीं दे रही है। हमने पूरा खाका बनाया है कि भर्ती प्रक्रिया कैसी होगी। भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाएगा, एक परीक्षा कैलेंडर बनेगा। हर भर्ती के नियम पारदर्शी होंगे और निगरानी के लिए भर्ती आयोग बनाया जाएगा। नौजवान को अपना बिजनेस शुरू करने के लिए 5 लाख का लोन 1 प्रतिशत ब्याज पर देगी।

कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में आवारा पशु की समस्या का समाधान किया

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि मैं किसानों से मिली तो पता चला कि उनकी रोजी-रोटी कमानी मुश्किल हो गई है। किसान बिजली के बिल, पेट्रोल- डीजल की महंगाई से त्रस्त है, वह परेशान है, कमा नहीं पा रहा है। उसे अपनी फसलों का सही दाम नहीं मिलता। इस परिस्थिति में इंसान क्या करें। मैं ललितपुर में गई वहां पर ऐसे किसानों के परिवार से मिली, जिनके घर के कमाने वाले, खाद की लाइन में खड़े थे। वह लाइन में खड़े हुए थे, क्योंकि उन्हें डर था कि घर चले जाएंगे, खाना खाने, आराम करने, तो खाद नहीं मिलेगी। भाजपा सरकार किसानों के लिए तीन काले कानून लेकर आई। अगर किसानों ने 1 साल आंदोलन नहीं किया होता और उस आंदोलन के अंत में चुनाव नहीं आ रहा होता, तो मैं आपको दावे के साथ कह सकती हूं कि कोई बदलाव नहीं आता। मोदी जी आपके सामने आकर झूठे आंसू बहा कर आप से माफी नहीं मांगते। आज उत्तर प्रदेश के किसान की सबसे बड़ी समस्या आवारा पशु की है, आज गौशालाओं में चारा नहीं मिल रहा, धूप में गाय मर रही है। पहली बार इस चुनाव में भाजपा आवारा पशु की बात कर रही है। हमने इस सरकार को 2019 में लिखकर भेजा कि इस समस्या को सुलझाने के लिए कुछ करिए लेकिन हमारी बात नहीं सुनी। आपको मालूम है कांग्रेस में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार ने इस समस्या को सुलझाने के लिए इतनी बढ़िया योजना बनाई, हमने छत्तीसगढ़ में 2 रुपये किलो गोबर खरीदना शुरू किया और लोगों ने जानवर आवारा छोड़ना बंद कर दिया। अगर यहां की उत्तर प्रदेश की सरकार ने एक योजना बनाई होती तो आवारा पशु इतनी बड़ी समस्या नहीं बनते।

महिलाओं पर अत्याचार पर अत्याचार हो रहे हैं

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। जहां-जहां मैं जाती हूं, ऐसी महिलाओं से मिलती है, जिन पर अत्याचार हुआ। सबसे पहली चीज मुझे यह बताई जाती है कि दीदी प्रशासन ने, पुलिस ने हमारी मदद नहीं की। जिसने अत्याचार किया उसकी मदद हो रही है। हम रिपोर्ट दर्ज कराने जाते हैं, तो मना कर दिया जाता है। मैं आगरा में अरुण वाल्मीकि के घर गई, उनका एक माह का बेटा था, उनको पुलिस थाने में उठा ले गई। तीन दिन तक उनकी पिटाई की, ऐसे जख्म दिए कि उसके बारे में बोल भी नहीं सकते। थाने में पुलिस कस्टडी में उनकी मौत हो गई। भाजपा को लगता है कि महिलाओं को एक मुफ्त सिलेंडर दे दिया और उनकी जिम्मेदारी ख़त्म। क्या एक सिलेंडर से महिलाएं सशक्त होंगी? बिना पढ़े लिखे, बिना आत्मनिर्भर बने वे सशक्त कैसे होंगी? क्या आप नहीं चाहते कि आपकी बेटी सक्षम और सशक्त बने? यह एक सिलेंडर से नहीं हो सकता। महिला को सशक्त बनना है तो सबसे पहले उसकी पढ़ाई-लिखाई, उसके लिए रोजगार, उसके लिए सुरक्षा चाहिए। तब वह सक्षम बनेगी।

कांग्रेस यूपी के रोजगार और विकास की बात कर रही

उन्होंने कहा कि जितने भी राजनीतिक दल हैं, सब एक ही बिसात पर खेल रहे हैं, भाजपा, समाजवादी पार्टी या बसपा हो, सब आपसे जब वोट मांगने आते हैं, तो धर्म, जाति, सांप्रदायिकता की बातें करते हैं। धर्म के आधार पर आपके जज्बातों को उभारने की कोशिश करते हैं, जाति के आधार पर आपके जज्बातों को उभारने की कोशिश करते हैं। नौकरी बनाने, रोजगार दिलवाने, महिलाओं पर अत्याचार कम करने के समाधान, महिलाओं को सशक्त करने, दलितों की सुरक्षा की बातें, महंगाई को कम करने की बातें नहीं होती हैं। उत्तर प्रदेश में मोदी जी एक दिन कह रहे थे कि हजारों लखपति बन गए हैं, मैं गांव-गांव में जाती हूं, जिले-जिले में जाती हूं, मुझे तो कोई नहीं दिख रहा है, उलटे लखपति गरीब हो रहे हैं। मुझे तो दिख रहा है कि जो राजनीति है वह सिर्फ और सिर्फ मोदी जी के बड़े उद्योगपति मित्रों के लिए है, उनकी राजनीति उनके लिए चलती है, उनकी मीडिया भी उनके लिए ही चलती है। मैं कहती हूं कि जो आपके सामने जाति-धर्म की बातें करते हैं, आपको आपस में लड़ाने की बातें करते हैं, इससे आपका फायदा नहीं है। इससे उनका फायदा है। आप सबका परिवार है। आप बताइए कि क्या परिवार का मुखिया भाई-भाई को आपस में लड़ाता है? आपस में लड़ेंगे तो विकास कैसे होगा?  कांग्रेस पार्टी रोजगार और विकास की बात कर रही।

आप सक्षम हो जाएंगे तो सवाल पूछेंगे

उन्होंने कहा कि आज जो परिस्थितियां हैं, वह भाजपा की देन है। आज आप उस राशन के बोरे का इंतजार कर रहे हैं, आज आप कुछ चंद पैसे जो आपके खाते में यह लोग डाल देते हैं, चुनाव के समय या चुनाव के 6 महीने पहले, उसके लिए आप इंतजार कर रहे हैं। आपको राशन के बोरे पर निर्भर कर दिया। ठीक है कि आपको राशन मिल रहा है। लेकिन आप कैसे बढ़ेंगे? क्या जिंदगी सिर्फ एक बोरे राशन से चलती है? आपका विकास कैसे होगा? इन दलों का एक ही लक्ष्य है सत्ता में रहना, यही कभी नहीं चाहेंगे कि आप आत्मनिर्भर बनें, आपके विकास की बात नहीं होगी, आपसे पूछेंगे नहीं, आपसे बताएंगे नहीं कि आपके लिए क्या करना चाहिए। ये आपको इसी तरह निर्भर रखना चाहते हैं। वे जानते हैं कि आप सक्षम हो जाएंगे तो सवाल पूछेंगे। महिलाओं से अपील करते हुए उन्होंने कि हम चाहते हैं कि हर अस्पताल में में एक कमरा हो सिर्फ महिलाओं के लिए।महिला सुरक्षा के लिए हम चाहते हैं कि जो पुलिस की भर्तियां उसमें से 25ः महिलाएं को भर्ती किया जाए। क्योंकि जब अत्याचार हो, कोई समस्या हो तो आप पुलिस स्टेशन में जाएंगी तो जो महिला पुलिस होगी उसको आपके प्रति सहानुभूति होगी, वह समझे कि आपके साथ क्या हुआ है।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने ऐसी परिस्थिति बना दी है कि उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिला को कोई नकार नहीं सकता। उत्तर प्रदेश की राजनीति में महिलाएं केंद्र में आ गई हैं। मैं आपके लिए काम करूंगी, जी जान दूंगी, लेकिन आप सबको मैं सशक्त बनाऊंगी। मैं आपसे कहना चाहती हूं कि खासतौर से मेरी बहनों से कि जब आप वोट डालने जाएं, तो अपने बच्चों के भविष्य के बारे में सोचिए, अपने सशक्तिकरण के बारे में सोचिए और कांग्रेस पार्टी को वोट दीजिए, क्योंकि वही आपको सशक्त और मजबूत बनाएगी।

महारैली में उत्तर प्रदेश कांग्रेस सोशल मीडिया की वाइस चेयरमैन पंखुड़ी पाठक ने कहा, मैं अनेक क्षेत्रों में गई जहां हमारी महिलाएं आज भी घर की दहलीज पार नहीं करतीं। मैं ऐसी ऐसी महिलाओं से मिली जो पर्दे में थीं। वह मुझे अपने घर के अंदर बुलाती थीं और मुझसे कहती थी कि हमें पता है तुम्हें प्रियंका गांधी जी ने भेजा है। और यह बात प्रियंका जी को बता देना कि जिसने हमारी बात की है, जिसने महिलाओं को राजनीति में एक स्थान दिया है, जिसने महिलाओं की चर्चा राजनीति में बनाई है, हम उसके साथ हैं। यह बात कोई समझे ना समझे उत्तर प्रदेश की प्रत्येक महिला यह बात जानती है कि आज से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में कभी महिलाओं पर चर्चा नहीं हुई। महिलाएं यह कहती है कि पहले कोई नेता आता था तो जाति-धर्म की बात करके चला जाता था। कभी किसी ने महिलाओं से नहीं पूछा कि तुम अपना घर कैसे चला रही हो। कांग्रेस ने वादा किया है कि हमारी बच्चियों को स्मार्टफोन मिलेंगे, स्कूटी मिलेगी, हमें विश्वास है कि इससे हमारी बच्चियों का जो भविष्य है वह बेहतर होगा। इस विश्वास इस उम्मीद की नजर से आज पूरा उत्तर प्रदेश प्रियंका जी की तरफ उम्मीद की किरणों से उम्मीद की नजरों से देख रहा है।

इस मौके पर कांग्रेस आईटी सेल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहन गुप्ता और कांग्रेस नेता जुबेर खान मौजूद रहे। इस वर्चुअल महारैली में उत्तर प्रदेश की 197 विधानसभाओं में गली-नुक्कड़-चौराहों-दुकानों-कार्यालयों पर लगभग 1.12 लाख लोग प्रोजेक्टर/स्म्क्/लैपटॉप/टी.वी के माध्यम से वर्चुअल महारैली से जुड़े। साथ ही सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्विटर, फ़ेसबुक एवं यूट्यूब पर लाखों लोगों ने वर्चुअल महारैली में भागीदारी की।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More