26 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

संस्कृति एवं समाज को जोड़ने का भी कार्य करता है संगीत: मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत

उत्तराखंड

देहरादून: मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि संगीत ऐसा माध्यम है जो संस्कृति एवं समाज को जोड़ने का भी कार्य करता है। संगीत भाषा को भी पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि हिन्दी फिल्मां व संगीत ने देश-विदेश में हिन्दी को पहचान दिलाने के साथ ही अनेक लोगों को हिन्दी सीखने की राह दिखाई है।
मुख्यमंत्री आवास में फिल्म दुनिया की उभरती कलाकार प्रियंका नेगी के एलबम ‘‘काला जोड़ा‘‘ का लोकार्पण करते हुए मुख्यमंत्री श्री त्रिवेन्द्र ने सुश्री प्रियंका नेगी को शुभकामना देते हुए उन्हें अपनी अगली एलबम की शूटिंग उत्तराखण्ड में करने का आमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे युवा विभिन्न क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर राज्य के युवाओं को प्रेरणा प्रदान करने का कार्य कर रहे हैं, हमारे कलाकारों में उत्तराखण्ड के प्रति लगाव के साथ अपनत्व भी झलकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रियंका नेगी संगीत की दुनिया मे नया मुकाम प्राप्त कर देश व दुनिया में उत्तराखण्ड का नाम रोशन करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड का नैसर्गिक प्राकृतिक सौन्दर्य बड़ी संख्या में फिल्मकारों को भी आकर्षित कर रहा है। बड़ी संख्या में फिल्मकार फिल्मों की शूटिंग के लिये यहा आ रहे हैं। ‘बत्ती गुल मीटर चालू’ फिल्म देखकर अमेरिका के होटलियर पटेल बन्धुओ ने टिहरी में होटल खोलने का प्रस्ताव दिया है। उन्होंने कहा कि फिल्मकार अब आर्टिफिशियल दुनिया के बजाय प्रकृति की वास्तविक सुन्दरता की ओर आकर्षित हो रहे हैं। उन्होंने इस अवसर पर नीति घाटी की खूबसूरती को अपने वीडियो एलबम में संवारने वाले दरवान सिंह नथवाल का भी उल्लेख किया।
इस अवसर पर प्रियंका नेगी ने मुख्यमंत्री द्वारा उन्हें दिये गये आर्शीवाद व प्रोत्साहन के लिये आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि उनके इस एलबम काला जोड़ा गीत को यू-ट्यूब पर अब तक 32 लाख से भी अधिक श्रोताओं ने पसंद किया है। यूनाइटेड वाइट फ्लैग के बैनर तले बनी इस एलबम का फिल्मांकन सउदी अरब में किया गया। गीत उनकी बहन रेनुका नेगी और केडी शर्मा ने लिखा है। गीत को पंजाबी और अंग्रेजी ट्रैक दिया गया है। इस गीत का निर्देशन प्रख्यात डीजे डा. अक्यूब खान ने किया है।
प्रियंका का कहना है कि अमेरिका के पॉप सिंगर हाटलाइन के साथ उन्होंने इस गीत से पहले कभी फोन पर भी बात नहीं की थी। हम केवल सोशल मीडिया से ही जुडे थे, लेकिन बाद में हमने इस दिशा में सोचा और इसके अप्रत्याशित परिणाम रहे। यह गीत कुछ स्पेशल था। गीत में उनके साथ अच्छा अनुभव रहा है और इससे मेरा आत्मविश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया का असर रहा है कि जिन दो लोगों ने कभी फोन पर बात भी नहीं की और वे एक वीडियो में एक साथ काम करें।
प्रियंका के लिए यह और भी अधिक उत्साहवर्द्धक खबर है कि उसका एक पंजाबी गीत अखियां भी टी-सीरीज म्यूजिक पर वायरल हो रहा है। प्रियंका का कहना है कि काला जोड़ा एलबम के लिए कई लोगों ने बहुत मेहनत की है और यह एक अच्छा अनुभव रहा। यह टीम वर्क था।
बालीवुड गायिका प्रियंका नेगी को उसकी खूबसूरत आवाज के लिए जाना जाता है। प्रियंका इंडियन आइडियल फेम है। वह इंडियन आइडियल चार की फाइनिल्स्टि रही है। इसके बाद से ही प्रियंका ने पीछे मुड़कर नहीं देखा । प्रिंयंका अब तक दुनिया भर में 1500 से भी अधिक परफारमेंस दे चुकी हैं। प्रियंका देश की पहली महिला गायिका है जिसे चीन के शंघाई में आयोजित एशियन वेव के टॉप दस में चुना गया। इसके अलावा उसे ख्याति प्राप्त पुरस्कार पायनियर आफ इंडिया के लिए पहले दस गायकों में शुमार किया गया।
यू-टयूब की सनसनी के तौर पर प्रियंका ने कई कवर सांग गाये हैं, मसलन शेप अप यू/ लॉंग द ग्वाचा, इस गीत को 80 लाख से भी अधिक श्रोताओं ने देखा और सुना। उसने अन्य गानों में तारे गिन-गिन और हाय रब्बा को भी उनके प्रशंसकों ने खूब पंसद किया। प्रियंका नेगी का कहना है कि वह काला जोड़ा एलबम को लेकर खूब उत्साहित है और पहले दिन कुछ नर्वस भी थी, लेकिन श्रोताओं से उन्हें खूब सराहना मिल रही है और इससे उनका हौसला बढ़ा है।
इस अवसर पर प्रियंका नेगी के पिता श्री इन्द्र सिंह नेगी, माताजी श्रीमती इ्रन्दानेगी, उत्तराखण्ड क्रिकेट एशोसियेशन के अध्यक्ष श्री जोत सिंह गुनसौला, पूर्व मंत्री श्री नारायण सिंह राणा, भाजपा प्रवक्ता डॉ. देवेन्द्र भषीन, वरिष्ठ पत्रकार श्री विजेन्द्र रावत, श्री शमीम अंसारी, श्री सूर्य विक्रम राही, लोक कलाकार श्री नन्द लाल भारती सहित बड़ी संख्या में लोक संस्कृति एवं कला जगत से जुड़े लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सूचना विभाग के उपनिदेशक एवं उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी श्री कलम सिंह चौहान ने किया।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More