25 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

जॉनसन और महिला रिले टीम ने जीता सोना

खेल समाचार

मध्य दूरी के धावक जिनसन जॉनसन ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए भारत को 18वें एशियाई खेलों की 15०० मीटर स्पर्धा में गुरुवार को स्वर्ण पदक दिला दिया, जबकि महिलाओं की 4 गुणा 4०० मीटर रिले टीम ने इस कामयाबी को आगे बढ़ाते हुए देश को एक और स्वर्ण पदक दिलाया। पुरुषों की 4 गुणा 4०० मीटर रिले टीम ने रजत और महिला डिस्कस थ्रोअर सीमा पुनिया ने कांस्य पदक जीता।

जॉनसन ने भारत के लिए 12वां और महिला रिले टीम ने 13वां स्वर्ण पदक जीता। भारत ने इसके साथ ही 1982 के नई दिल्ली एशियाई खेलों के अपने प्रदर्शन को पीछे छोड़ दिया। भारत ने तब 13 स्वर्ण सहित 57 पदक जीते थे जबकि इस बार भारत के 13 स्वर्ण सहित 59 पदक हो गए हैं। ओवरऑल एशियाई खेलों में भारत का यह तीसरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन हो गया है। एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं के अंतिम दिन भारत ने दो स्वर्ण, एक रजत और एक कांस्य पदक जीता। भारत ने इस बार एथलेटिक्स में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 7 स्वर्ण, 1० रजत और 2 कांस्य सहित कुल 19 पदक हासिल किए। भारत ने पिछले इंचियोन एशियाई खेलों में 2 स्वर्ण, 3 रजत और 8 कांस्य सहित कुल 13 पदक जीते थे।

जॉनसन ने इन खेलों में 8०० मीटर दौड़ में रजत पदक जीता था लेकिन 15०० मीटर दौड़ में उन्होंने सुनहरी कामयाबी हासिल की। रियो ओलंपिक हिस्सा लेने वाले केरल के 27 वर्षीय जॉनसन इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में तीन मिनट 37.86 सेकेंड का समय लेकर पांचवें स्थान पर रहे थे। लेकिन जकार्ता में उन्होंने तीन मिनट 44.72 सेकेंड का समय निकाला और अच्छे अंतर के साथ स्वर्ण ले उड़े। 8०० मीटर में जॉनसन को दूसरे स्थान पर छोड़ स्वर्ण पदक जीतने वाले मंजीत सिंह तीन मिनट 46.57 सेकेंड का समय लेकर चौथे स्थान पर रहे। ईरान के आमिर मोरादी ने तीन मिनट 45.62 सेकेंड का समय लिया और रजत पदक जीता। बहरीन के मोहम्मद तियोली ने तीन मिनट 45.88 सेकेंड का समय लेकर कांस्य पदक अपने नाम किया। भारत की 4 गुणा 4०० मीटर महिला रिले टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और तीन मिनट 28.72 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण जीता। महिला टीम की कामयाबी के बाद 4 गुणा 4०० मीटर पुरुष रिले टीम ने भी शानदार प्रदर्शन किया और तीन मिनट ०1.85 सेकेंड का समय लेकर रजत हासिल किया।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More