नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों का बिगुल बजने के साथ ही सूबे में राजनैतिक पारा चढ़ने लगा है। सत्तारूढ़ दल सपा जहां अपने कुनबे में चल रही कलह को थामने में जुटी है, वहीं बसपा ने अपने 401 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। भाजपा ने भी प्रत्याशी तय करने की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक 15 और 17 जनवरी को संभावित है। बैठक में उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड विधान सभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दिया जा सकता है। गौरतलब है कि, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य ने सूबे की 403 सीटों के लिए संभावित उम्मीदवारों की सूची केंद्रीय नेतृत्व को भेज दी है। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दिया जाएगा। बताया जा रहा है कि उम्मीदवारों की सूची में करीब 23 नाम वे हैं जो दूसरी पार्टी से नाता तोड़ भाजपा में शामिल हुए थे। बसपा को अलविदा कर चुके स्वामी प्रसाद मौर्य, कांग्रेस से किनारा कर चुकीं रीता बहुगुणा जोशी और रालोद के दलबीर सिंह के नाम संभावित उम्मीदवारों में शामिल हैं।