लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने विभिन्न जनपदों में आकाशीय बिजली गिरने से हुई 09 लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्हांेने इन आपदाओं में दिवंगत आत्मा की शान्ति की कामना करते हुए उनके परिजनों के प्रति संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं।
यह जानकारी आज यहां देते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री जी ने सम्बन्धित जिलाधिकारियों को दैवीय आपदाओं में दिवंगत लोगों के परिजनों को 04-04 लाख रुपए की राहत राशि तत्काल वितरित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इन घटनाओं में घायल लोगों की समुचित चिकित्सा व्यवस्था किए जाने के भी निर्देश देते हुए कहा है कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता क्षम्य नहीं होगी। संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार पीड़ितों के साथ है और उनकी हर सम्भव मदद के लिए तत्पर है।
प्रवक्ता ने बताया कि आज प्राप्त सूचना के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने से जनपद झांसी में 04, हमीरपुर में 03 तथा फतेहपुर में 02 व्यक्तियों की मृत्यु हो गई। इस प्रकार कुल 09 लोगों की मृत्यु हुई है।
