27 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

हमें महाराणा प्रताप से स्वाभिमान और चरित्र की दृढ़ता की सीख लेनी चाहिए: मुख्यमंत्री

हमें महाराणा प्रताप से स्वाभिमान और चरित्र की दृढ़ता की सीख लेनी चाहिए: मुख्यमंत्री
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के राज्यपाल श्री राम नाईक ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन हम सबके लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि वे एक महान देशभक्त और राष्ट्र प्रेमी थे। वे एक कुशल योद्धा थे, जिसमें स्वाभिमान कूट-कूट कर भरा था। उन्होंने मुगल शासक अकबर के सामने कभी भी हथियार नहीं डाले। इस प्रकार उन्होंने देश के सामने एक ऐसा उदाहरण पेश किया, जिस पर हम सबको गर्व है।

राज्यपाल ने यह विचार आज यहां महाराणा प्रताप की जयंती पर पी0डब्लू0डी0 आॅडिटोरियम में आयोजित वृत्तचित्र प्रदर्शन कार्यक्रम के दौरान व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, शिवाजी जैसे व्यक्तित्व हम सबके लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि जिस देश के लोग अपने इतिहास को भलीभांति जानते हैं, उसका भविष्य उज्ज्वल रहता है।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए श्री नाईक ने कहा कि पूरे देश में उनके नाम का डंका बज रहा है। हर जगह यही चर्चा है कि श्री योगी उत्तर प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए अच्छा काम कर रहे हैं। तीव्रता के साथ लोकहितकारी निर्णय ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम सभी को प्रदेश को आगे ले जाने के लिए लगातार प्रयास करने होंगे।

इस अवसर पर राज्यपाल ने केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वी0के0 सिंह की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने यमन में विषम परिस्थितियों में फंसे भारतीयों को जिस प्रकार से बाहर निकाला, उस पर हम सभी को गर्व है। अपने इस प्रयास से जनरल सिंह ने विदेश में अपना झण्डा गाड़ा और भारत का नाम रोशन किया। एक जनप्रतिनिधि के रूप में भी वे बेहतरीन काम कर रहे हैं। उन्होंने जनरल सिंह को कल (10 मई, 2017) उनके जन्मदिन की अग्रिम बधाई देते हुए कहा कि इसी दिन मेरठ से ही स्वतंत्रता संग्राम की शुरुआत हुई थी और कल ही भगवान गौतम बुद्ध का भी जन्मदिन है। उन्होंने जनरल सिंह को ‘चरैवेति-चरैवेति’ ‘चलते रहो-चलते रहो’ की सलाह देते हुए आशा व्यक्त की कि वे भविष्य में भी अपने दायित्वों का ऐसे ही निर्वाह करते रहेंगे।

मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि राष्ट्र गौरव महाराणा प्रताप की आज 477वीं जयंती है। हमें उनके स्वाभिमान और चरित्र की दृढ़ता से सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हमारी सोच सकारात्मक होनी चाहिए, क्योंकि सकारात्मक सोच से लक्ष्य की ओर चलने पर हमें सफलता मिलती है। नकारात्मकता में समय नष्ट नहीं करना चाहिए।

राज्यपाल श्री राम नाईक के जीवन पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे एक सफल राजनीतिज्ञ रह चुके हैं। केन्द्रीय मंत्री के रूप में उन्होंने महिलाओं के लिए विशेष टेªन चलवायी थी। उन्होंने हमेशा देश और समाज के उत्थान के लिए कार्य किया। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिए गए नारे ‘सबका साथ-सबका विकास’ के विषय में उन्होंने कहा कि राज्य सरकार भी इसी अवधारणा पर चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी आज विश्व के अग्रणी नेताओं में से एक हैं और अपने प्रयासों से भारत की छवि निखारने का काम कर रहे हैं।

श्री योगी ने केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वी0के0 सिंह के विषय में कहा कि उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि यमन में फंसे हुए भारतीयों को बाहर निकालने में श्री सिंह ने अहम भूमिका निभायी। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने अनेक मोर्चों पर सकारात्मक नेतृत्व का परिचय दिया। जनरल सिंह द्वारा तैयार किए गए वृत्तचित्रों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि इनसे लोगों को प्रेरणा मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस कौम के अंदर अपने इतिहास को संजोने की क्षमता नहीं है, वह अपना भूगोल सुरक्षित नहीं रख सकती। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप, गुरु गोविन्द सिंह तथा छत्रपति शिवाजी हमारे आदर्श हैं। हम सदैव उनके दिखाए रास्ते पर चलते रहेंगे। राज्य सरकार उत्तर प्रदेश के समग्र विकास के लिए लगातार गम्भीर प्रयास करती रहेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता का हित हमारे लिए सर्वोपरि है।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री जनरल वी0के0 सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप का जीवन शौर्य, बलिदान, त्याग और देश प्रेम की गाथा है। उन्होंने अपने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘सबका साथ-सबका विकास’ की नीति अपनायी है, उसी प्रकार से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ भी इसका अनुसरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने के लिए गम्भीर प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि उत्तर प्रदेश शीघ्र ही देश का अग्रणी राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि योगी जी की इच्छाशक्ति उत्तर प्रदेश के लिए बहुत अच्छे दिन लाने वाली है।

इससे पूर्व, कार्यक्रम का शुभारम्भ राज्यपाल, मुख्यमंत्री तथा केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश मंत्रिमण्डल के सदस्य श्री आशुतोष टण्डन, डाॅ0 महेन्द्र सिंह तथा श्रीमती स्वाति सिंह भी मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा गणमान्य नागरिक मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल श्री राम नाईक, मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ तथा विदेश राज्य मंत्री जनरल वी0के0 सिंह के जीवन पर आधारित वृत्तचित्रों का संक्षिप्त प्रदर्शन किया गया।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More