38 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

समाजवादी कार्यालय, लखनऊ में एकत्र विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए: अखिलेश यादव

समाजवादी कार्यालय, लखनऊ में एकत्र विशाल जनसमूह को सम्बोधित करते हुए: अखिलेश यादव
उत्तर प्रदेश

लखनऊ: देश के 71वें स्वतंत्रता दिवस को समाजवादी पार्टी द्वारा पूरे प्रदेश के सभी जनपदों में सोल्लास मनाया गया। राजधानी लखनऊ में मुख्य आयोजन हुआ जिसमें समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने झंडारोहण किया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि देश को आजादी गांधी जी के नेतृत्व में हुए आंदोलन और तमाम स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान से मिली है। आजादी की इस लड़ाई में सभी धर्मों और जाति के लोग शामिल थे। जब इनका सम्मान होगा तभी देश आगे बढ़ेगा। यह दिन आत्म निरीक्षण का भी है जब हमें जांचना होगा कि हमने आजादी के लिए बलिदान देने वालों के सपनों को कहां तक पूरा किया है। उन्होंने कहा कि आज हमें यह संकल्प लेना है कि देश-प्रदेश और समाज में समता और सामाजिक सद्भाव मजबूत हो। समाजवादी रास्ते से ही देश में खुशहाली आएगी।

श्री यादव पार्टी कार्यालय, लखनऊ में एकत्र विशाल जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने इसके पूर्व अपने आवास 4-विक्रमादित्य मार्ग पर भी ध्वजारोहण किया। इस मौके पर विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री रामगोविंद चौधरी, विधान परिषद में नेता विरोधी दल श्री अहमद हसन, प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल, सांसद श्री नरेश अग्रवाल, पूर्वमंत्री श्री राजेंद्र चौधरी तथा श्री बलवंत सिंह रामूवालिया, एमएलसी एसआरएस यादव, अरविन्द कुमार सिंह, डा0 मधु गुप्ता, राम सुंदर दास, फरीद महफूज किदवई, नितिन अग्रवाल, आनंद भदौरिया, राजपाल कश्यप, उदयवीर सिंह, संतोष कुमार सनी, मौजूद थे।

श्री अखिलेश यादव ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान का स्मरण करते हुए उनको नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके सपनों को पूरा करने का हम पर दायित्व है। किसानों, गरीबों की खुशहाली से ही देश में खुशहाली आएगी। देश में बहुत से धर्म, जातियां, संस्कृतियां हैं, इतनी बहुलता कहीं और नहीं लेकिन हम सब भारतीय हैं और हमें सबको बराबर सम्मान देना होगा।

 श्री यादव ने कहा कि जो सरकार जनता को तकलीफ देती है जनता उसे माफ नहीं करती है। डिजिटल इंडिया की बात करने वाली भाजपा के राज में आक्सीजन की कमी से मासूम बच्चों की मौत शर्मनाक है। भाजपा सरकार संवेदनहीन हैं और मामले को उलझा रही है। कितने बच्चों की जान गई यह नहीं बताया जा रहा है। कितनी जांचे बदल गईं। समाजवादी पार्टी ने जिन बच्चों की जान गई उनके परिवारीजनों की पीड़ा को महसूस कर उन्हें मदद दी है।

श्री यादव ने कहा कि आजादी के बाद सबसे ज्यादा काम उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने किया है। हमने मेडिकल कालेजों में एमबीबीएस की सीटें दुगनी की गई। 40 जिलों में गर्भवती महिलाओं को कुपोषण से बचाने की व्यवस्था की गई। 108 और 102 नं0 स्वास्थ्य सेवा में शामिल समाजवादी शब्द से भाजपा को चिढ़ है पर संविधान में भी समाजवादी शब्द है उसे कैसे हटायेंगे ? ‘नमामि गंगे‘ से गंगा साफ नहीं हो पाई। समाजवादी सरकार ने गोमती नदी की सफाई कर इसे सुन्दर बनाया। 55 लाख गरीब महिलाओं के लिए समाजवादी पेंशन शुरू की उसे बंदकर दिया गया। बाढ़ से लोग संकट में है।

पूर्व मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की प्रगति के लिए हमने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बनाया। इसके किनारे मंडियां स्थापित करने की योजना बनाई ताकि किसानों की आय बढ़ सके। मेट्रो चलाई। भाजपा के स्वच्छता अभियान में गांधी जी को छोड़कर उनका चश्मा ही रह गया हैं। पर्यावरण की सुरक्षा में 5 करोड़ वृक्ष समाजवादी सरकार ने लगाए। लोहिया पार्क और जनेश्वर मिश्र पार्क बने है जहां हजारों लोग स्वच्छ हवा में सांस लेते है।

श्री यादव ने कहा कि आज के दिन हमें सोचना होगा कि देश कितना आगे बढ़ा है। नोटबंदी से कालाधन कितना आया, यह बताया नहीं गया। किसान-गरीब सब परेशान हैं। आम जनता त्रस्त है। नौजवानों के सामने रोजगार की समस्या है।

इस अवसर पर सपेरा समाज के लोग सैकड़ो की संख्या में आए हुए थे। इनके नृत्य-गीत की प्रस्तुति के साथ टी.वी. कलाकार श्री इमरान एवं फराह नाज, अच्छे लाल सोनी, बबलू भारती ने गीत प्रस्तुत किए। लखनऊ विश्वविद्यालय के विपिन कुमार ने संस्कृत में स्वतंत्रता दिवस का स्मरण किया।

स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में श्रीमती जरीना उस्मानी, गीता सिंह, राजकुमार मिश्र, फाकिर सिद्दीकी, मुकेश शुक्ला, विकास यादव, मो0 एबाद, बृजेश यादव, गौरव दुबे, विजय यादव, राम सागर यादव, कर्नल सत्यवीर सिंह यादव, हाजी मो0 इस्लामुद्दीन आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रनेता, प्रोफेसर और डाक्टर भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More