28 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने यमुना नदी को साफ एवं निर्मल बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने यमुना नदी को स्वच्छ एवं निर्मल बनाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि आगरा स्थित विश्व विख्यात ताजमहल के संरक्षण और उसके सौन्दर्य को बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जाएं।

मुख्यमंत्री आज जनपद आगरा के भ्रमण के दौरान ताज यमुना काॅरिडोर परियोजना का निरीक्षण कर रहे थे। इस मौके पर उन्होंने यमुना नदी के किनारे पैदल चलकर वहां कराए जा रहे कार्यों का जायजा लिया। श्री योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार यमुना नदी को स्वच्छ और अविरल बनाने के लिए संकल्पबद्ध है। इस कार्य में केन्द्र सरकार का सहयोग और सहायता प्राप्त करके नदी को साफ-सुथरा बनाया जाएगा।

श्री योगी ने यमुना नदी के जल स्तर को बढ़ाने के लिए सिंचाई विभाग की 281 करोड़ रुपए की रबर डैम परियोजना को शीघ्रता से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यमुना एक्शन प्लान के अंतर्गत लम्बित परियोजनाओं को तत्काल पूरा किया जाए। उन्होंने आगरा में संचालित सीवरेज ट्रीटमेण्ट प्लाण्ट (एस0टी0पी0) की क्षमता बढ़ाए जाने के साथ ही, 03 नये सीवरेज ट्रीटमेण्ट प्लाण्ट (एस0टी0पी0) स्थापित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने यमुना में सीधे गिरने वाले नालों को रोक कर उनके पानी का शोधन करके ही यमुना में डालना सुनिश्चित किए जाने के भी निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने ताजमहल का रंग पीला पड़ने पर चिंता जताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक धरोहर को सुरक्षित रखने के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ताजमहल के आसपास के क्षेत्र के विकास के साथ ही, ताजमहल को सुरक्षित रखने के मानकों का पालन कराया जाना सुनिश्चित किया जाए। ताजमहल की नींव के लिए नमी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही, उन्होंने उड़ने वाली बालू को रोकने की व्यवस्था किए जाने के निर्देश भी दिए।

इस अवसर पर पशुधन मंत्री श्री एस0पी0 सिंह बघेल, ग्राम विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डाॅ0 महेन्द्र सिंह, सांसद श्री राम शंकर कठेरिया, श्री बाबूलाल चैधरी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More