खटीमा में छठ पूजा की धूम, सीएम धामी ने व्रती महिलाओं संग उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) लोक आस्था और सूर्य उपासना का महापर्व छठ पूजा उत्तराखंड के खटीमा में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हो गया।
सोमवार सुबह मेलाघाट क्षेत्र स्थित 22 पुल छठ घाट पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। उन्होंने व्रती महिलाओं के साथ विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
व्रती महिलाओं के साथ सीएम धामी ने की सूर्य उपासना
छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह से ही 22 पुल छठ घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। पूर्वांचल समाज के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने घाट पर पहुंचकर भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी घाट पहुंचकर पूजा कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने फलों से भरी डलिया उठाकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और छठी मैया से सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
छठ पर्व सामाजिक समरसता और भाईचारे का प्रतीक: सीएम
मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेशवासियों, विशेषकर पूर्वांचल समाज के लोगों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा आपसी मेलजोल, भाईचारे और सामाजिक समरसता को मजबूत करने वाला पर्व है। यह महापर्व पूर्वांचल की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
प्रकृति और सूर्य उपासना से जुड़ा है छठ महापर्व
सीएम धामी ने कहा कि छठ पर्व जल, सूर्य उपासना और प्रकृति के बेहद करीब है। यह पर्व हमें प्रकृति के प्रति आस्था, सम्मान और कृतज्ञता का संदेश देता है। उन्होंने भगवान सूर्य और छठी मैया से सभी श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना की।
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हो गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एक-दूसरे को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी समेत जिला स्तरीय अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।




