उत्तराखंड मौसम: इन जिलों में आज भी भारी बारिश का येलो अलर्ट, रहें सतर्क

 देहरादून (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तराखंड में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और बारिश का दौर जारी है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 9 अक्टूबर को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में सीजन की पहली बर्फबारी होने के आसार हैं। बदलते मौसम के कारण प्रदेश में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने की संभावना है।

उत्तराखंड के सभी 13 जिलों में आंधी और बिजली का खतरा

मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार, 9 अक्टूबर को प्रदेश के सभी 13 जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट आने के आसार हैं।

पहाड़ों में 4,200 मीटर से अधिक ऊंचाई पर बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश के साथ हिमपात की संभावना है। 4,200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने के साथ पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही भी प्रभावित हो सकती है। 

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी हैमौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है।

Related Articles

Back to top button