उत्तरकाशी में CM धामी का बड़ा ऐलान, बनेगा विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर
‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं।
सीएम धामी ने कहा कि सरकार की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को लोगों के घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ की भावना के साथ हर व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।
उत्तराखंड के विकास का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। उन्होंने प्रधानमंत्री के उस कथन का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने बाबा केदार की धरती से कहा था कि 21वीं सदी उत्तराखंड की होगी। सीएम धामी ने प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना समेत सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तराखंड में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है।
कांग्रेस के विरोध की चेतावनी के बीच सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वहीं, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी उनके घरों से हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई।
मुख्यमंत्री के उत्तरकाशी दौरे के दौरान घोषित विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर और भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय के प्रस्ताव को क्षेत्र के विकास से जुड़ी अहम पहल के तौर पर देखा जा रहा है।




