36 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

यात्रियों को सस्ती और सुविधाजनक यात्रा को प्राथमिकता: यासर शाह

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के 45वां स्थापना दिवस समारोह में प्रदेश के परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री यासर शाह द्वारा आज यहां इन्दिरा गांधी प्रतिष्ठान, लखनऊ में नवनिर्मित बस स्टेशनों के शिलान्यास, बसों के समयबद्ध संचालन की समय सारणी का विमोचन, परिवहन निगम के कार्मिकों एवं अधिकारियों को पुरस्कार वितरण, मोबाइल एप एवं पेमेंट गेट-वे तथा रैपिड लाइन बस सेवा आदि का शुभारम्भ किया गया।
निगम के स्थापना दिवस समारोह में श्री शाह ने कहा कि यात्रियों को बिना शिकायत के सस्ती और सुविधाजनक यातायात की सुविधा मिले इसकी आज जरूरत हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार सीमित संशाधनों से भी जनता को लाभ देने का कार्य कर रही है। निगम के कर्मचारियों एवं अधिकारियों के कार्यों की बदौलत ही यात्री सुविधाओं तथा बस बेड़े को बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि इसी प्रेरणा एवं लगन से कार्य होता रहा तो 2017 तक निगम 100 करोड़ रुपये का लाभ अर्जित कर सकेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि आने वाले समय में निगम का बस बेड़ा शत-प्रतिशत एयरकंडीशन होगा और कम से कम किराया लेकर यात्रियों को सुविधाये दी जायेंगी।
परिवहन राज्य मंत्री ने बस संचालन की समय सारणी के विमोचन पर कहा कि बसों को समय से चलाने के लिए निगम कमर कस ले तथा कम से कम 70 से 80 प्रतिशत बसें समयबद्ध समय सारणी पर ही चले। रैपिड लाइन बस सेवा के शुभारम्भ पर उन्होंने कहा कि इस बसों से यात्रा करने वाले यात्री को किराया में 10 प्रतिशत की छूट दी जाय, यदि वह यात्री वापसी का भी टिकट ले। उन्होंने कहा कि इस बस सेवा में 203 बसों का बेड़ा शामिल है। ये बसें प्रदेश के सभी जनपद मुख्यालयों से प्रातः 8ः00 बजे रवाना होगी और सायं 4ः00 बजे मुख्यालय से गंतव्य के लिए प्रस्थान करेंगी। इसका किराया भी साधारण बस के किराये के समान ही होगा तथा इसका ठहराव भी सीमित होगा। उन्होंने फीता काटकर तथा हरी झण्डी दिखाकर इन बसों को जनपद मुख्यालयों के लिए रवाना किया। उन्होंने यात्रियों को आॅनलाइन टिकटिंग की सुविधा देने के लिए मोबाइल एप एवं पेमेंट गेट-वे का शुभारम्भ किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की मांग एवं सुविधा के लिहाज से 40 स्कैनिया बसें शीघ्र ही चलाये जायेंगी। इसी प्रकार कैसर बाग बस स्टैण्ड को दो महीने में बनाकर तैयार कर लिया जायेगा, जिसमें यात्रियों को अन्तर्राष्ट्रीय स्तर के एयर पोर्ट की तरह सुविधायें मिलेगी। उन्होंने 18 बस स्टेशनों का शिलान्यास भी किया जहां पर यात्रियों को आधुनिक सुविधायें देने के लिए इनका जीर्णोद्धार, आधुनिकीकरण तथा नव निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए 50 करोड़ रुपये के बजट का प्राविधान किया गया है।
श्री शाह ने निगम के सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले चालकोें एवं परिचालकों से 25 हजार रुपये का पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र तथा उपहार देकर सम्मानित भी किया। इसके अलावा अपने-अपने क्षेत्रों के सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले निगम के कार्मिकों एवं अधिकारियों को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर परिवहन राज्यमंत्री श्री मानपाल सिंह वर्मा ने कहा कि परिवहन विभाग एवं निगम के कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मेहनत एवं लगन से विभाग का कार्य काफी आगे बढ़ा है तथा यात्रियों को भी काफी अच्छी सुविधायें मिली हैं। उन्होंने कहा कि हमें अभी और प्रयास की जरूरत है ताकि यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधायें मिले और हमारा प्रदेश तरक्की की राह में और आगे बढ़े।

प्रमुख सचिव, परिवहन श्री कुमार अरविन्द सिंह देव ने कहा कि परिवहन निगम 56 करोड़ जनता को सेवाये प्रदान कर रहा है। इस प्रकार यह देश का तीसरा सबसे बड़ा परिवहन निगम है। उन्होंने कहा कि निगम 26 करोड़ का लाभ अर्जित किया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि ज्यादा से ज्यादा बस बेड़े को नेशनलाइज्ड रूट मिलेगा। उन्होंने कहा कि जनरथ बस सेवा का लाभ प्रत्येक जनपद को मिले तथा जनहित में सभी बस स्टेशनों में वाटर ए0टी0एम0 भी लगाया जाना चाहिए। उन्होंने लोहिया ग्रामीण बस सेवा को प्रदेश सरकार की एक महत्वकांक्षी योजना बताया, जिसके माध्यम से 50 हजार गांवों को शहरों से जोड़ा जायेगा। उन्होंने कहा कि आगामी डेढ़ महीने में इस बस बेड़े में 1500 बसें और जुडे़गी। उन्होंने आश्वस्त किया कि शासन कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता पर करेंगा। उन्होंन कहा कि अभी पांच साल से रिक्त पड़े 1200 मृतक आश्रितों को भरा जा रहा है।
परिवहन आयुक्त के0 रविन्द्र नायक ने कहा कि यात्रियों की सुख-सुविधाओं का ध्यान रखते हुए नयी सेवा संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि जनता को अभी और आधुनिकतम सुख-सुविधायें मिलेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में परिवहन सेवाओं को बढ़ाया जायेगा। 52 हजार ग्राम पंचायतें सड़क मार्ग से जुड़ रही हैं। इन सभी को बसों से जोड़ा जायेगा। उन्होंने कहा कि परिवहन निगम को आनलाइन संचालन के लिए पूरे देश में पुरूस्कृत किया गया है।
प्रबंध निदेशक परिवहन निगम डा0 आशीष गोयल ने कहा कि निगम अपने कर्मचारियों एवं अधिकारियों की मेहनत व लगन से यह उपलब्धि हासिल की है। उन्होंने कहा कि निगम का उद्देश्य लाभ अर्जित करने के साथ ही यात्रियों को सुख-सुविधा देकर उनकों गंतव्य तक पहंुचाना भी होता है। उन्होंने कहा कि जनता को सुविधायें देने के लिए निगम के बस बेड़े में 10 हजार बसों से आगे 10,125 बसों का संचालन किया जा रहा है। इस वर्ष के अन्त तक इस बेड़े में 11 हजार बसें होंगी तथा अगले तीन वर्षाें में इसके बेड़े में 15 हजार बसें शामिल होंगी। श्री गोयल ने कहा कि परिवहन निगम के लाभ को यात्रियों की सुविधाओं में खर्च किया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 75 जिलों को ए0सी0 बसों से जोड़ा जायेगा। इसके लिए मिड-सेगमेंट की ए0सी0बसों को चलाने के लिए 400 प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इसी के साथ ही रात में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए स्लीपर कोच शीघ्र चलाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 72 बस डिपों में आटोमेटिक फ्युल मैनेजमेंट सिस्टम चालू किया जायेगा तथा बसों की एफिसिएन्टी बढ़ाने के लिए अच्छी कम्पनी के गुणवत्तायुक्त सामान/कलपुर्जो की आपूर्ति सुनिश्चित की जायेगी। इसके साथ ही सभी बसों में एक्साइड की बैट्री भी लगाई जायेगी।
परिवहन निगम के स्थापना समारोह का धन्यवाद ज्ञापन अपर प्रबन्ध निदेशक सुश्री अदिति सिंह ने प्रस्तुत किया तथा संचालन श्रीमती अनीता सहगल ने किया। इस अवसर पर प्रदेश भर से आये हुये अधिकारी एवं कर्मचारियों के साथ मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More