36 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

उपराष्‍ट्रपति ने दीपावली की पूर्व संध्‍या पर देशवासियों को बधाई दी

देश-विदेश

उपराष्‍ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने दीपावली की पूर्व संध्‍या पर देशवासियों को बधाई दी। उन्‍होंने अपने संदेश में कहा,  “प्रकाश पर्व- दीपावली के पावन अवसर पर मैं अपने समस्त देशवासियों और विदेशों में रह रहे भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।

पारंपरिक हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने वाला दीपावली का पर्व बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है और भगवान राम के जीवन के नेक आदर्शों और सद्गुणों में हमारे विश्वास की पुनः पुष्टि करता है। अत्याचारी राजा रावण को हराने के बाद 14 वर्ष के वनवास से आज ही के दिन श्री राम, माता सीता और लक्ष्मण के साथ अयोध्या वापस लौटे थे। यह भगवान राम के जीवन और कर्मों में निहित पवित्र और सैद्धांतिक विचारों का उत्सव भी है। यह त्योहार हमें याद दिलाता है कि हमें आसुरी शक्तियों का निरन्तर दमन करने और समाज में भलाई और सद्भाव को बढ़ावा देने की आवश्यकता है।

दीपावली का पर्व न केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है । हम कह सकते हैं कि यह दुनिया के सबसे बड़े उत्सवों में से एक है। विदेशों में रहने वाले भारतीय दीपावली को बहुत धूमधाम और प्रेम के साथ मनाते हैं।

दीपावली की रात्रि में समृद्धि की देवी लक्ष्मी की पूजा करना भी इस त्योहार के मुख्य अनुष्ठानों में से एक है।

दीपावली हमेशा परिवार और मित्रों के एक साथ आने और जश्न मनाने का त्योहार है। लेकिन इस वर्ष, कोविड-19 के प्रसार के कारण हमें जिस अभूतपूर्व स्वास्थ्य आपातकाल का सामना करना पड़ रहा है, उसे देखते हुए, मैं अपने नागरिकों से आग्रह करता हूं कि वे कोविड संबंधी स्वास्थ्य और स्वच्छता नयाचारों का सख्ती से पालन करते हुए दीपावली का त्योहार मनाएं।

यह त्योहार अज्ञानता के अंधकार को दूर कर ज्ञान और आत्मज्ञान की ज्योति जगाता है। मैं यह कामना करता हूं कि यह त्योहार हमारे जीवन में शांति, सद्भाव, समृद्धि और खुशियां लेकर आए।”

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More