25 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

गोरखपुर व पूर्वी उ0प्र0 वासियों को एक नया उपहार मिल रहा: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने जनपद गोरखपुर के रामगढ़ताल में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त क्रूज ‘लेक क्वीन’ का लोकार्पण किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर व पूर्वी उत्तर प्रदेशवासियों को एक नया उपहार मिल रहा है। रामगढ़ताल में अत्याधुनिक सुविधाआें से युक्त यह क्रूज दो मंजिला है, जिसमें प्रथम तल पर रेस्टोरेन्ट, द्वितीय तल में फाइन डाइनिंग है। इसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया जा सकता है। क्रूज में एक साथ 100 पर्यटक आनन्द ले सकते हैं। क्रूज को तैयार करने में स्थानीय श्रमिकों ने अपना योगदान दिया है, जो वोकल फार लोकल को बढ़ावा देने का एक अच्छा उदाहरण है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर व पूर्वी उत्तर प्रदेश को पर्यटन विभाग, विकास के क्रम में दो महत्वपूर्ण उपहार दे रहा है। हम जितना अपना शहर स्वच्छ रखेंगे, उतनी ही पर्यटन की सम्भावनाएं बढ़ेंगी। यहां अन्य राज्यों के लोग आयेंगे, जिससे नये रोजगार का सृजन होगा। जैसे जीवन चक्र एक दूसरे के साथ जुड़े हैं। ऐसे ही पर्यटन एक चक्र है, जो एक दूसरे के साथ जुड़ा हुआ है। लोगों को अच्छा माहौल मिलेगा और वह सुरक्षित महसूस करेंगे। जिससे अन्य राज्यों के लोग यहां पर निवेश करने, रोजगार देने व रोजगार लेने के लिए आयेंगे तो सर्वांगीण विकास के पथ पर उत्तर प्रदेश अग्रसर होगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि देश व प्रदेश आगे बढ़ेगा और वर्ष 2047 तक प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के सपने का भारत एक विकसित भारत होगा। इस भारत में सर्वत्र खुशहाली होगी। उसी खुशहाली के लिए ढेर सारी सम्भावनाआें को विकसित किया जा रहा है। प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप उत्तर प्रदेश में इस प्रकार के पर्यटन की सुविधाआें के विकास के साथ-साथ चहुंमुखी विकास के पथ पर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि उत्तर प्रदेश एक लैण्डलॉक प्रदेश है। इसलिए यहां पर कोई जलमार्ग की सुविधाएं विकसित नहीं हो सकतीं। प्रधानमंत्री जी ने इसके बीच का रास्ता निकाल दिया है। वाराणसी से हल्दिया के बीच गंगा जी में इनलैण्ड वॉटर-वे बनाकर क्रूज सेवा प्रारम्भ की गयी है। प्रदेश में इनलैण्ड वॉटर-वे अथॉरिटी का गठन करके राप्ती, सरयू, यमुना तथा गंगा नदियां में क्रूज सेवा को बढ़ावा देने के लिए कार्य तेजी से किया जा रहा है। गोरखपुर में रामगढ़ताल एक नया पर्यटन का स्थल बन चुका है। इन सभी को विकसित करने में हम सबका प्रयास निरन्तर आगे बढ़ना चाहिए। मुख्यमंत्री जी ने गोरखपुर विकास प्राधिकारण तथा पर्यटन विभाग से कहा कि वॉटर स्पोर्ट्स के कार्यक्रम को आगे बढ़ाकर इसके विकास में तेजी लाये।
कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी के साथ चहुंमुखी विकास कर रहा है। इसी क्रम में गोरखपुर में कोर्टयार्ड मैरियट होटल व क्रूज लेक क्वीन का उद्घाटन एक ऐतिहासिक कार्य है। आज उत्तर प्रदेश पूरी दुनिया में पर्यटन का बेहतर स्थल बन गया है। पर्यटन विभाग मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में पूरे सामर्थ्य के साथ आगे बढ़ रहा है। यह एक सकारात्मक सोच का ही परिणाम है। प्रदेश का पर्यटन विभाग प्रत्येक जनपद व पंचायतों में ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों का समुचित सौन्दर्यीकरण सतत प्रगति के साथ कर रहा है।
इस अवसर पर कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, सांसद श्री रविकिशन शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More