राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप शिक्षकों को आधुनिक एआई एवं डिजिटल लर्निंग का दिया जाएगा प्रशिक्षण

श्रीनगर । हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) एवं राष्ट्रीय नवोदय नेतृत्व संस्थान, नोएडा के संयुक्त तत्वावधान में जवाहर नवोदय विद्यालयों के शिक्षकों के लिए चार दिवसीय राष्ट्रीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम (Capacity Building Programme) का सोमवार को शुभारंभ हुआ। 2 से 5 नवंबर तक आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों को राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, नवीन तकनीकों एवं समकालीन शैक्षिक आवश्यकताओं के लिए दक्ष बनाना है।
उद्घाटन सत्र का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर अतिथियों का पारंपरिक शॉल, स्मृति चिह्न एवं तुलसी का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। शोधार्थी स्नेहलता ने विश्वविद्यालय के कुलगीत की सांकेतिक भाषा में प्रस्तुति देकर समावेशिता एवं सुलभ शिक्षा का प्रेरक संदेश दिया।
कार्यक्रम की समन्वयक एवं IQAC की उपनिदेशक प्रो. सीमा धवन ने अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि कार्यक्रम में उत्तराखंड एवं उत्तर प्रदेश के नवोदय विद्यालयों से आए 46 शिक्षक-शिक्षिकाएं प्रतिभाग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित यह प्रशिक्षण कार्यक्रम राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप सतत व्यावसायिक विकास (Continuous Professional Development) की अवधारणा पर आधारित है। इसमें राष्ट्रीय पाठ्यचर्या रूपरेखा (NCF), दक्षता आधारित शिक्षण पद्धतियों, राष्ट्रीय व्यावसायिक शिक्षक मानक (NPST), राष्ट्रीय मेंटरिंग मिशन (NMM), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), अनुभवात्मक शिक्षण एवं डिजिटल लर्निंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि दून विश्वविद्यालय, देहरादून की कुलपति प्रो. सुरेखा डंगवाल ने अपने संबोधन में शिक्षकों के व्यावसायिक विकास, भावनात्मक जुड़ाव एवं संस्थागत अपनत्व को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि बदलती शैक्षिक परिस्थितियों में शिक्षकों को अपनी शिक्षण पद्धतियों एवं व्यावसायिक दक्षताओं का निरंतर विकास करना आवश्यक है। भारतीय ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक मूल्यों, स्थानीय संदर्भों एवं आधुनिक शैक्षिक दृष्टिकोण के समन्वय से दक्ष एवं संवेदनशील शिक्षक तैयार किए जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक की भूमिका केवल विषयगत ज्ञान देने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में रचनात्मकता, नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आलोचनात्मक चिंतन एवं नैतिक मूल्यों का विकास करना भी उनका महत्वपूर्ण दायित्व है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की भावना के अनुरूप भारतीय परिवेश में सशक्त एवं उत्तरदायी शिक्षक व्यवस्था विकसित करने पर बल दिया।




