वर्दीधारियों का सम्मान डबल इंजन सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि सैनिक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता। उसकी वर्दी बदलती है, लेकिन राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रसेवा का संकल्प कभी नहीं बदलता। सेना से अवकाश ग्रहण करने के बाद जब सैनिक अपने गांव लौटता है, तो वह अपने गांव और समाज का मार्गदर्शक बनता है। उसका अनुभव, अनुशासन और नेतृत्व समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है।

मुख्यमंत्री जी आज जनपद मेरठ में आयोजित पूर्व-सैनिक पुनर्मिलन समारोह में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने 27 करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से प्रदेश के आठ जनपदों में नवनिर्मित जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालयों तथा विश्राम गृहों का लोकार्पण किया तथा वीर सपूतों के अद्वितिय पराक्रम पर आधारित विशेष पुस्तक ‘शौर्यगाथा’ का विमोचन किया। उन्होंने अमर बलिदानियों की वीर नारियों, माताओं और वरिष्ठ पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री जी ने कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

मुख्यमंत्री जी ने मेरठ की क्रान्ति धरा से वीर सैनिक परिवारों के लिए तीन महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की। पहला उत्तर प्रदेश के वीरता पदक विजेताओं को प्रदेश सरकार की ओर से दी जाने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी, दोनों को दोगुना किया जाएगा। उन्होंने वर्तमान में दिए जा रहे पुरस्कार और वार्षिकी की राशि का विवरण देते हुए कहा कि परमवीर चक्र विजेता को 52 लाख रुपये एकमुश्त और 03 लाख 12 हजार रुपये वार्षिकी, महावीर चक्र विजेता को 31 लाख रुपये एकमुश्त और 02 लाख 37 हजार रुपये वार्षिकी, वीर चक्र विजेता को 20 लाख 80 हजार रुपये एकमुश्त और 01 लाख 37 हजार रुपये वार्षिकी, अशोक चक्र विजेता को 32 लाख 50 हजार रुपये एकमुश्त और 01 लाख 50 हजार रुपये वार्षिकी, कीर्ति चक्र विजेता को 19 लाख 50 हजार रुपये एकमुश्त और 01 लाख 30 हजार रुपये वार्षिकी शौर्य चक्र विजेता को 13 लाख रुपये एकमुश्त और 65 हजार रुपये को दोगुना किया जाएगा।

इसी प्रकार सेना मेडल/वायु सेना मेडल विजेता को 01 लाख रुपये एकमुश्त 15 हजार रुपये वार्षिकी सहित अतिरिक्त मेंशन-इन-डिस्पैच में 52 हजार रुपये एकमुश्त और 13 हजार रुपये वार्षिकी, सर्वात्तम युद्ध सेवा मेडल में 03 लाख 12 हजार रुपये एकमुश्त और 12 हजार रुपये वार्षिकी, उत्तम युद्ध सेवा मेडल में 02 लाख 60 हजार रुपये एकमुश्त और 11 हजार रुपये वार्षिकी, युद्ध सेवा मेडल में 83 हजार 200 रुपये एकमुश्त और 10 हजार रुपये वार्षिकी को दोगुना किया जाएगा।

मुख्यमंत्री जी ने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को सम्पत्ति के मूल्यांकन पर स्टाम्प शुल्क में मिलने वाली छूट की सीमा अब 20 लाख रुपये से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जाएगी। यह सीमा वर्ष 2016-17 में तय की गई थी। पूर्व सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से प्राप्त प्रस्ताव पर सरकार ने यह निर्णय लिया है।

मुख्यमंत्री जी ने तीसरी घोषणा करते हुए कहा कि शहीद के एक आश्रित को उसके गृह जनपद अथवा निकटवर्ती जनपद में ही सरकारी सेवा में नियोजित करने की व्यवस्था की जाएगी। इसके लिए सैनिक कल्याण विभाग के माध्यम से अन्य विभागों और कार्यालयों में रिक्त पदों की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाएगी, ताकि शहीद परिवार के एक सदस्य को उसके गृह जनपद या उसके निकट के जनपद में रिक्त पद पर तत्काल सेवायोजित किया जा सके।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जो जवान देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करता है, उसके परिवार की चिंता करना किसी भी सरकार का पहला दायित्व होना चाहिए। वर्दीधारियों का सम्मान डबल इंजन सरकार का संकल्प है। वर्ष 2017 से पहले शहीद परिवारों को मिलने वाली अनुग्रह राशि 20 लाख रुपये थी, जिसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया गया। अब तक 150 शहीद परिवारों को 59 करोड़ 50 लाख रुपये की सहायता दी जा चुकी है। वर्ष 2018 में शहीद के एक आश्रित को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था भी की गई। शहीदों की स्मृतियों को जीवित रखने के लिए प्रदेश में वीरगति प्राप्त सैनिकों के नाम पर 200 स्मारक, 61 स्मृति द्वार और 78 प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। इसके साथ ही 31 विद्यालयों, 48 सड़कों और तीन स्टेडियमों का नामकरण शहीद सैनिकों के नाम पर किया गया है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि वीरता पदक इस बात का प्रमाण है कि एक सैनिक ने अपने प्राणों से ऊपर अपने राष्ट्र को रखा है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2018 में वीरता पदक विजेताओं की पुरस्कार राशि बढ़ाई थी। द्वितीय विश्व युद्ध के पूर्व सैनिकों और उनकी पत्नियों को 6,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है। कारगिल के शहीदों की वीर नारियों और माता-पिता को भी प्रदेश सरकार प्रतिमाह पेंशन दे रही है। किरकी और मोहाली के पैराप्लेजिक केन्द्रों में उपचार करा रहे प्रदेश के शत-प्रतिशत दिव्यांग सैनिकों की वार्षिक सहायता बढ़ाकर 1.50 लाख रुपये की गई है।

सेना से लौटने वाला जवान अनुशासन, प्रशिक्षण और नेतृत्व का अनुभव लेकर आता है। इस अनुभव का उपयोग प्रदेश के विकास में किया जाना चाहिए। वर्ष 2021 में समूह ‘ख’ के पदों पर पूर्व सैनिकों के लिए 05 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। पिछले 03 वर्षों में उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से 647 पूर्व सैनिक सरकारी सेवा में चयनित हुए हैं। सैनिक कल्याण निगम के माध्यम से लगभग 31,700 पूर्व सैनिकों को रोजगार का अवसर दिया जा रहा है। पावर कॉरपोरेशन, मेडिकल कॉलेजों, 380 रजिस्ट्री कार्यालयों जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पूर्व सैनिकों को सौंपने का निर्णय लिया गया है। नगर निकायों के प्रवर्तन दलों में भी पूर्व सैनिकों की तैनाती की जा रही है।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सेवा पूरी कर लौटने वाले अग्निवीरों के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस, कारागार, वन विभाग तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों में 20 प्रतिशत हॉरिजॉन्टल आरक्षण की व्यवस्था की गई है। सेना के अनुशासन और प्रशिक्षण से तपकर आने वाले युवा उत्तर प्रदेश पुलिस और शासन की ताकत बनेंगे। वर्ष 2017 से अब तक प्रदेश सरकार की सैनिक कल्याण योजनाओं में 96 करोड़ 78 लाख रुपये की सहायता दी गई है। सैनिक पुनर्वास निधि से 15 हजार से अधिक लाभार्थियों को 115 करोड़ रुपये वितरित किए गए हैं। इसके अन्तर्गत 8,600 से अधिक बच्चों को पढ़ाई के लिए शिक्षा अनुदान दिया गया है। 907 बेटियों के विवाह के लिए एक-एक लाख रुपये की सहायता प्रदान की गई है। 269 मेधावी बच्चे एन0डी0ए0, आई0एम0ए0 और अन्य सैन्य अकादमियों में चयनित हुए हैं।

सैन्य अकादमी में चयनित होने वाली बेटी को बेटे की तुलना में तीन गुना यानी 75 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। इसी परम्परा को आगे बढ़ाते हुए प्रदेश में सैनिक स्कूलों का विस्तार किया गया है। लखनऊ स्थित कैप्टन मनोज कुमार पाण्डेय यू0पी0 सैनिक स्कूल ने वर्ष 2018 में पहली बार बालिकाओं के लिए भी अपने द्वार खोले।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पूर्व सैनिकों को अपने कार्यों के लिए भटकना न पड़े, इसके लिए सरकार ने जिला सैनिक कल्याण कार्यालयों और सैनिक विश्राम गृहों के निर्माण के लिए 64 करोड़ रुपये उपलब्ध कराए हैं। 13 नए भवन और विश्राम गृह बनाए गए हैं। मेरठ सहित चार जनपदों में पुराने भवनों का जीर्णोद्धार किया गया है। आज इसी मंच से शामली, अमेठी, चन्दौली, औरैया, सन्तकबीरनगर, सोनभद्र, अम्बेडकरनगर और गोरखपुर के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया गया।

पूर्व सैनिकों को उपचार के लिए दूर न जाना पड़े, इसके लिए इस वर्ष 14 जनपदों में ई0सी0एच0एस0 पॉलीक्लिनिक के लिए निःशुल्क भूमि देने का निर्णय लिया गया है। मुख्यमंत्री जी ने ‘शौर्य गाथा’ पुस्तक का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पुस्तक विद्यालयों और पुस्तकालयों तक पहुंचनी चाहिए, ताकि नई पीढ़ी अपने नायकों को पहचान सके।

मुख्यमंत्री जी ने प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया कि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों और सेवारत सैनिकों के परिवारों की प्रत्येक शिकायत प्राथमिकता पर सुनी जाए और उसका समय से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सैनिकों को अपने गांव में जमीन से जुड़े कार्यों के लिए तहसील और थाने के चक्कर न काटने पड़ें। इस व्यवस्था में लापरवाही अक्षम्य होगी।

प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत का संकल्प देश के सामने रखा है। विकसित भारत का रास्ता विकसित उत्तर प्रदेश से होकर जाएगा। इस यात्रा में पूर्व सैनिकों का सहयोग अत्यन्त महत्वपूर्ण है। सुरक्षा, आपदा प्रबन्धन, प्रशिक्षण और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में उनका अनुभव प्रदेश के लिए बहुत उपयोगी हो सकता है। उन्होंने पूर्व सैनिकों से अपील की कि वह अपने गांवों के युवाओं को सेना और पुलिस की भर्ती के लिए तैयार करें। उन्हें नशे से दूर रहने, अनुशासन के महत्व और राष्ट्रसेवा के प्रति प्रेरित करें। कौशल विकास, स्वरोजगार और उद्यमिता की योजनाओं से जुड़कर वे स्वयं भी रोजगार देने वाले बन सकते हैं। इस दिशा में सरकार उनके साथ खड़ी है।

Related Articles

Back to top button