महिला-नेतृत्व वाले ग्रामीण उद्यमिता को गति देने हेतु पंजाब नेशनल बैंक ने ‘पी.एन.बी. डिजी श्रेष्ठा डिजिटल ऋण योजना शुरू की

देहरादून – पंजाब नेशनल बैंक भारत के प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में से एक, ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के वित्तीय सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराते हुए “पी.एन.बी. डिजी श्रेष्ठा डिजिटल ऋण योजना” की शुरुआत की है। यह योजना विशेष रूप से उन महिला ग्राहकों के लिए बनाई गई है जो राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों की सदस्य हैं।

यह पहल ‘लखपति दीदी’ बनाने और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के राष्ट्रीय दृष्टिकोण से जुड़ी है। डिजी श्रेष्ठा योजना डिजिटल बैंकिंग को अपनाने को प्रोत्साहित करती है और महिलाओं को तेज़, पारदर्शी और सहज तरीके से संस्थागत ऋण तक पहुँच प्रदान करती है। इस योजना के अंतर्गत ₹5 लाख तक का ऋण, पूरी तरह डिजिटल स्वीकृति और खाता खोलने की प्रक्रिया, सरल आवेदन और न्यूनतम दस्तावेज़ीकरण की सुविधा उपलब्ध है।

डिजी श्रेष्ठा ऋण के माध्यम से, पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण भारत में महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों को मज़बूत बना रहा है, वित्तीय समावेशन को बढ़ावा दे रहा है और सतत सामाजिक-आर्थिक विकास में योगदान दे रहा है। इस महिला दिवस पर, बैंक देशभर की महिलाओं के साहस, महत्वाकांक्षा और नेतृत्व का उत्सव मनाता है तथा उनके विकास यात्रा के हर कदम पर साथ देने का संकल्प दोहराता है।

Related Articles

Back to top button