नई टिहरी में नशे में धुत चालक 55 किलोमीटर तक दौड़ाता रहा बस, खतरे में आई 28 यात्रियों की जान

जानकारी के मुताबिक, काशी विश्वनाथ सेवा की बस सुबह उत्तरकाशी से श्रीनगर के लिए रवाना हुई थी। बस में चालक और परिचालक समेत कुल 30 लोग सवार थे। रास्ते में लंबगांव थाना क्षेत्र के पास पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों को बस चालक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।

अल्कोमीटर जांच में खुली चालक की पोल

पुलिस को चालक के शराब के नशे में होने का संदेह हुआ। इसके बाद उसका अल्कोमीटर से परीक्षण किया गया। जांच में चालक के अत्यधिक शराब के नशे में वाहन चलाने की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने तत्काल बस को रुकवाकर आगे जाने से रोक दिया।

बस सीज, चालक का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी

यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बस में सवार लोगों को दूसरे वाहन के जरिए श्रीनगर भेजने की व्यवस्था की। वहीं, उत्तरकाशी से आई बस को मौके पर ही सीज कर दिया गया।

थानाध्यक्ष महिपाल सिंह रावत ने बताया कि चालक का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। इसके अलावा चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन आयुक्त को संस्तुति भेजी गई है।

पुलिस की सतर्कता से टला बड़ा हादसा

बस में सवार यात्रियों ने समय रहते कार्रवाई करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुलिस का आभार जताया। यदि पुलिस चेकिंग के दौरान चालक की लापरवाही सामने नहीं आती, तो यात्रियों की जान पर बड़ा खतरा मंडरा सकता था।

Related Articles

Back to top button