38 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

बेहतर आवागमन के लिए मेट्रो आज की आवश्यकता है: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि बेहतर आवागमन के लिए मेट्रो आज की आवश्यकता है। इसके माध्यम से हम कम समय में आनन्ददायक यात्रा की सुविधा प्राप्त करते हैं। समय की बचत करके ही हम विकास के सहभागी बन सकते हैं।

मुख्यमंत्री जी ने यह विचार लखनऊ मेट्रो रेल सेवा की प्रथम वर्षगांठ पर आज यहां आयोजित लखनऊ मेट्रो दिवस कार्यक्रम मंे व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि जीवन में सदैव नवीनता को स्वीकार करना चाहिए। मेट्रो की सोच आगामी 50 और 100 वर्षों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे हम आने वाली पीढ़ी को बेहतर यातायात की सुविधा प्रदान कर सकें। इस अवसर पर मुख्यमंत्री जी ने लखनऊ मेट्रो मोबाइल एप का शुभारम्भ भी किया। इस एप के माध्यम से आमजन को मेट्रो स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं एवं उनके उपयोग के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त होगी। इसके साथ ही, उन्होंने लखनऊ मेट्रो रेल के शुभंकर का अनावरण भी किया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि लखनऊ मेट्रो ने मात्र 01 वर्ष में आम लोगों को अच्छी सुविधाओं व वातावरण के बीच यात्रा सुलभ करायी है। इस सेवा से लगभग 35 लाख यात्रियों को जुड़ने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि मेट्रो रेल के द्वितीय चरण का कार्य भी शीघ्र शुरू किया जाएगा। मेट्रो रेल सेवा अपनी अनुशासन प्रियता के लिए काफी लोकप्रिय है। इस अवसर पर उन्होंने लखनऊ मेट्रो के उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों/कर्मचारियों को सम्मानित किया। सर्वश्रेष्ठ अनुरक्षित मेट्रो स्टेशन के लिए चारबाग मेट्रो स्टेशन को पुरस्कृत किया गया।

मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश के अन्दर लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा में सफलतापूर्वक मेट्रो का संचालन किया जा रहा है। आने वाले समय में कानपुर, आगरा, और मेरठ मंे भी इसका संचालन किया जाएगा। इसके लिए इन परियोजनाओं की डी0पी0आर0 राज्य सरकार द्वारा भारत सरकार को प्रेषित की जा चुकी हैं। इससे पूर्व मुख्यमंत्री जी ने मेट्रो दिवस के अवसर पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए नगर विकास मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि प्रगति के लिए बेहतर आवागमन पहली जरूरत है। उन्होंने कहा कि जब लखनऊ मेट्रो रेल का विस्तार पूरे शहर में हो जाएगा, तब शहर की एक अलग तस्वीर देखने को मिलेगी।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More