36 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

IPL-10: पुणे ने गुजरात लांयस को 5 विकेट से हराया, बेन स्ट्रोक्स का नाबाद शतक

IPL-10: पुणे ने गुजरात लांयस को 5 विकेट से हराया, बेन स्ट्रोक्स का नाबाद शतक
खेल समाचार

पुणे: आईपीएल-10 के सबसे महंगे खिलाड़ी बेन स्टोक्स ने एक बेहतरीन शतकीय पारी खेलते हुए सोमवार को यहां के महाराष्ट्र क्रिकेट संघ मैदान पर खेले गए लीग के 39वें राउंड रोबिन लीग मुकाबले में गुजरात लायंस के खिलाफ राइजिंग पुणे सुपरजाएंट टीम को शानदार जीत दिलाई। स्टोक्स ने 63 गेंदों पर सात चौकों और छह छक्कों की मदद से 103 रनों की नाबाद पारी खेली और 42 रन पर चार विकेट गंवा चुकी अपनी टीम को एक गेंद शेष रहते पांच विकेट से जीत दिला दी। पुणे की इस जीत में स्टोक्स के साथ महेंद्र सिंह धौनी (26) तथा डेनियल क्रिस्टीयन (नाबाद 17) की साझेदारियां अहम साबित हुईं।

पुणे के लिए यह जीत आसान नहीं थी क्योंकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी इस टीम की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। उसने एक समय 10 रनों पर अपने तीन अहम विकेट-अजिंक्य रहाणे (4), कप्तान स्टीफन स्मिथ (4) और मनोज तिवारी (0) के के रूप में गंवा दिए थे। रहाणे और स्मिथ को प्रदीप सांगवान ने आउट किया जबकि तिवारी को बासिल थम्पी ने चलता किया। इसके बाद अभिषेक त्रिपाठी (6) और स्टोक्स ने स्कोर को 42 तक पहुंचाया लेकिन इसी योग पर त्रिपाठी रन आउट हो गए। त्रिपाठी को एरान फिंच ने रन आउट किया। त्रिपाठी और स्टोक्स के बीच चौथे विकेट के लिए 32 रनों की साझेदारी हुई। त्रिपाठी की विदाई के बाद स्टोक्स का साथ देने धौनी आए और समय के साथ खेलते हुए स्कोर को आगे ले जाने लगे। स्टोक्स भी काफी सटीक बल्लेबाजी कर रहे थे। इन दोनों ने स्कोर को 100 के पार पहुंचाया।

अंतिम चार ओवरों में पुणे को जीत के लिए 44 रनों की जरूरत थी। यह स्कोर हासिल कियाा सकता था और स्टोक्स तथा धौनी के मन में भी यही बात थी लेकिन 10.4 ओवरों की यह साझेदारी बासिल थम्पी ने तोड़कर गुजरात को बड़ी सफलता दिलाई। धौनी ने 33 गेंदों का सामना कर एक चौका और एक छक्का लगाया। धौनी तथा स्टोक्स के बीच 76 रनों की साझेदारी हुई। वह 118 के कुल योग पर आउट हुए।

अब विकेट पर स्टोक्स के साथ क्रिस्टीयन थे। अंतिम तीन ओवरों में पुणे को जीत के लिए 36 रनों की दरकार थी। संगवान द्वारा फेंके गए 18वें ओवर में 11 रन बने। अंतिम 12 गेंदों पर पुणे को 25 रनों की जरूरत थी। स्टोक्स ने थम्पी द्वारा फेंके जा रहे 19वें ओवर की पहली गेंद पर छक्का लगाकर पुणे को जीत के करीब ला दिया। थम्पी के इस ओवर में दो छक्कों सहित कुल 17 रन बने। पुणे जहां जीत के करीब था वहीं स्टोक्स शतक के करीब थे। अब पुणे को जीत के लिए 6 गेंदों पर 8 रनों की जरूरत थी।

स्टोक्स ने फाल्कनर द्वारा फेंके गए अंतिम ओवर की पहली गेंद पर चौका लगाकर शतक पूरा किया। यह उनका पहला टी-20 शतक है। स्टोक्स ने अपने शतक का जश्न मनाया क्रिस्टीयन ने पांचवीं गेंद पर छक्के के साथ अपनी टीम को यादगार जीत दिलाने का जश्न मनाया।स्टोक्स तथा क्रिस्टीयन ने अंतिम 22 गेंदों पर 49 रनों की साझेदारी की। स्टोक्स को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

इस जीत के साथ पुणे की टीम 12 अंक लेकर आठ टीमों की तालिका में चौथे स्थान पर मजबूती से पैर जमा चुकी है। दूसरी ओर, गुजरात की टीम छठे स्थान पर बनी हुई है।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More