34 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

शीतलहर के दृष्टिगत रैन बसेरों का निर्माण तथा कम्बल आदि का वितरण किया जाये: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा कि ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘ का उद्देश्य अंतिम पायदान के व्यक्ति को केन्द्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं से जोड़ना है। अब यात्रा का जितना भी समय अवशेष है, उसमें कैम्प लगाकर पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिया जाये।
मुख्यमंत्री जी ने यह निर्देश आज जनपद बरेली में मण्डलीय समीक्षा बैठक के दौरान दिए। बैठक में जनपद बरेली के अलावा, मण्डल के अन्य जनपदों के वरिष्ठ अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और जनपद में कराये गये विकास कार्यों की जानकारी मुख्यमंत्री जी को दी।
बैठक में मण्डलायुक्त बरेली ने मुख्यमंत्री जी को ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘ के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि मण्डल में कुल 4,014 ग्राम पंचायतें हैं, जिनमें से अब तक 3,067 ग्राम पंचायतों में ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा‘ का आयोजन हो चुका है।
मुख्यमंत्री जी ने मण्डल की स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए कहा कि अस्पतालों में डॉक्टरों की ससमय उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। मरीजों के साथ पैरा मेडिकल स्टाफ द्वारा अच्छा व्यवहार करें। डॉक्टरों द्वारा जनऔषधि केन्द्रों की दवाएं लिखी जाए। बुजुर्गों व गम्भीर बीमार लोगों के लिए अस्पतालों में व्हील चेयर आदि की उपलब्धता बनाये रखी जाए। उन्होंने कहा कि मलेरिया से निपटने के लिये पूरी कार्ययोजना बनायी जाए, यह दायित्व स्वास्थ्य विभाग का है, इस पर कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि एम्बुलेंस के रिस्पॉन्स टाइम की निगरानी की जाए, जिससे मरीजों को समय से सुविधा मुहैया हो सके।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि यू0पी0 ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के प्रकरण जिलों में यदि किसी कारण से पेंडिंग हैं तो उनका निस्तारण किया जाये। जी0एस0टी0 कलेक्शन/माइनिंग/वैट आदि से प्राप्त धनराशि से विकास कार्य होता है, इसलिये इस पर विशेष बल दिया जाये। जी0एस0टी0 रजिस्ट्रेशन को बढ़ाया जाये, व्यापारियों के साथ ट्रेनिंग कार्यक्रम बनया जाये, जिसमें उन्हें जानकारी दी जाये।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि विद्यालयों में बालिकाओं के लिये अलग से शौचालय बनवाया जाये। प्रोजेक्ट अंलकार के अन्तर्गत माध्यमिक विद्यालयों में सुदृढ़ीकरण का कार्य कराया जाये। जल जीवन मिशन के अन्तर्गत कराये जा रहे कार्यों में गुणवत्ता, पेयजल आपूर्ति, यूजर चार्ज, सड़कों को ठीक कराने पर ध्यान दिया जाये। नगर निकायों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देते हुये ठोस व तरल अपशिष्ट प्रबन्धन सम्बन्धी कार्य कराये जायें।
मुख्यमंत्री जी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद व बेहतर समन्वय बनाये रखें। आम जनता की समस्याओं की जनसुनवाई की जाये और समस्या के निवारण की फीडबैक भी ली जाये। शीतलहर के दृष्टिगत रैन बसेरों का निर्माण तथा कम्बल आदि का वितरण किया जाये।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गौसंरक्षण केन्द्रों पर केयर टेकर, पशु आहार, ठण्ड से बचाव के इंतजाम, हरा चारे, पीने के पानी आदि की पर्याप्त व्यवस्था रहे। उन्होंने कहा कि मण्डल में पराली प्रबंधन पर अच्छा कार्य हुआ है। इसे और बेहतर करने की आवश्यकता है।
इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन एवं दुग्ध विकास मंत्री श्री धर्मपाल सिंह, वन एवं पर्यावरण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री अरुण कुमार सक्सेना सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री जी ने मण्डलीय समीक्षा बैठक के उपरान्त मीडिया प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज उनके द्वारा जनपद की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। साथ ही, जनपद बरेली की वर्षों से लम्बित नाथ कॉरिडोर परियोजना का अवलोकन करने के साथ ही, उनमें से कुछ परियोजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। बरेली मण्डल में 02 नगर निगम-बरेली और शाहजहांपुर को सेफ सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा, नगर पालिका परिषद बदायूं एवं पीलीभीत को सेफ सिटी के रूप में विकसित करने के सम्बन्ध में विचार-विमर्श किया गया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सेफ सिटी परियोजना केवल सरकार की योजना नहीं, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी हो सके, इसी कॉन्सेप्ट के साथ सेफ सिटी परियोजना को जोड़ा जा रहा है। इण्टीग्रेटेड कमाण्ड एण्ड कण्ट्रोल सेण्टर के माध्यम से शहर की सुरक्षा, ट्रैफिक व्यवस्था व स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए इस अभियान को आगे बढ़ाया जा रहा है। शीघ्र ही, इसका स्वरूप हम सभी को देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि जनप्रतिनिधियों ने विकास की अनेक योजनाओं के सम्बन्ध में सुझाव दिए हैं। इनमें से कई प्रस्तावों को शासन द्वारा स्वीकृति प्रदान की गई है। कई प्रस्तावों पर गम्भीरतापूर्वक विचार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बरेली मण्डल के चारों जनपद प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर हैं। यहां की अनन्त सम्भावनाओं को जनप्रतिनिधियों के सहयोग से आगे बढ़ाने में सफलता मिलेगी।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More