बदरीनाथ हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, लामबगड़ के पास पिकअप और कार में जोरदार भिड़ंत, 8 लोग घायल

लामबगड़ के पास आमने-सामने भिड़े दो वाहन

जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम बदरीनाथ हाईवे पर लामबगड़ के समीप एक बोलेरो पिकअप और राजस्थान नंबर की कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। पिकअप में छह लोग सवार थे, जबकि कार में दो लोग मौजूद थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे लोगों की चीख-पुकार सुनकर घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस और स्थानीय लोगों ने चलाया रेस्क्यू अभियान

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों और राहत बचाव टीम ने मिलकर घायलों को क्षतिग्रस्त वाहनों से बाहर निकाला। इसके बाद सभी घायलों को जेपी कंपनी के नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। इनमें से चार लोगों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जोशीमठ रेफर कर दिया गया। वहीं, अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है। कार में सवार यात्रियों को सामान्य चोटें आई हैं।

हादसे में घायल लोगों की सूची

बोलेरो पिकअप में सवार घायलों की पहचान इस प्रकार हुई है:

  • अंशुल (26 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार

  • मोनू पाल (29 वर्ष), निवासी लंढौरा, हरिद्वार

  • शिवम (31 वर्ष), निवासी मंगलौर, हरिद्वार

  • शिव कुमार (42 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर

  • मेनपाल (38 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर

  • मनोज कुमार (35 वर्ष), निवासी डिडावली, मुजफ्फरनगर

  • मोंटी (28 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर

  • जॉनी पाल (35 वर्ष), निवासी काकड़ा, मुजफ्फरनगर

कार में सवार अर्चिसा (20 वर्ष), पुष्पेंद्र कुमार (50 वर्ष) और पूनम रानी (46 वर्ष), निवासी जयपुर, राजस्थान को सामान्य चोटें आई हैं।

SP चमोली ने क्या बताया?

चमोली के पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उत्तरकाशी में भी हुआ था बड़ा सड़क हादसा, चार लोगों की मौत

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी के पास एक इनोवा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई थी और नदी में जा समाई थी। इस दर्दनाक हादसे में चार लोगों की मौत हो गई थी, जबकि एक गंभीर घायल व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया था। हादसे के बाद दो अन्य लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा था।

लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर उत्तराखंड के पहाड़ी रास्तों पर सफर के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को सामने ला दिया है।

Related Articles

Back to top button