36 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने ‘ग्राम्य संदेश’ साप्ताहिक समाचार पत्र का लोकार्पण किया

उत्तर प्रदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में समाचार पत्रों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। यह जनता और सरकार के बीच एक पुल की तरह काम करते हैं। समाचार पत्र जहां एक ओर सरकारी योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी जनता तक पहुंचाकर इनकी उपयोगिता बढ़ाते हैं, वहीं दूसरी ओर जनता की जरूरतों और दिक्कतों की जानकारी भी देते हैं। इस जानकारी से सरकार को फैसले लेने में काफी मदद मिलती है।

मुख्यमंत्री आज यहां अपने सरकारी आवास पर हिन्दी साप्ताहिक समाचार पत्र ‘ग्राम्य संदेश’ का लोकार्पण करने के बाद अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रिन्ट मीडिया का महत्व आज भी कायम है। समाचार पत्र और पत्रिकाओं को ज्यादा भरोसेमंद माना जाता है, क्योंकि इनमें छपी बात में बदलाव नहीं हो सकता। समाचार पत्रों के अध्ययन से पाठकों को भाषा की अच्छी जानकारी भी हो जाती है।
समाचार पत्र द्वारा गांव और किसान से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता दिए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्री यादव ने कहा कि गांव और किसान के उत्थान पर ध्यान देने वाले देशों ने ही प्रगति की है। गांव की तरक्की के बगैर शहर भी आगे नहीं बढ़ सकता। ग्रामीण इलाकों के विकास और किसानों की खुशहाली के लिए प्रदेश सरकार द्वारा गम्भीरता से कार्य किया जा रहा है। भारतीय अर्थव्यवस्था में ग्रामीण क्षेत्रों और कृषि सेक्टर के महत्व का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक सहित तमाम अर्थशास्त्री भी इस बात से सहमत हैं। मानसून की समुचित वर्षा न होने पर देश की आर्थिक वृद्धि दर का प्रभावित हो जाना यह साबित करता है कि देश की अर्थव्यवस्था में कृषि सेक्टर का क्या महत्व है।
लोक निर्माण एवं सिंचाई मंत्री श्री शिवपाल सिंह यादव ने ग्रामीण जनता को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराने के मकसद से समाचार पत्र के प्रकाशन को एक सराहनीय प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि गांव के लोग अपनी बात को स्पष्ट तौर पर कहते हैं। जानकारी के अभाव में कभी-कभी उनके साथ धोखा हो जाता है। इसे ध्यान में रखकर ग्रामीण जनता को जागरूक किया जाना आवश्यक है।
उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान के कार्यकारी अध्यक्ष श्री उदय प्रताप सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि महात्मा गांधी का यह मानना था कि असली हिन्दुस्तान गांव में बसता है। गांधी जी की इस सोच को आगे बढ़ाते हुए डाॅ0 राम मनोहर लोहिया ने गांव और किसान के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। पूर्व रक्षा मंत्री श्री मुलायम सिंह यादव ने गांधी जी और डाॅ0 लोहिया के विचारों से प्रभावित होकर गांव, गरीब और किसान के हितों का हमेशा ध्यान रखा। प्रदेश की वर्तमान सरकार भी इसी सोच के अनुरूप कार्य कर रही है।
समाचार पत्र के सम्पादक श्री सर्वेश अस्थाना ने अखबार के बारे में जानकारी प्रदान की। स्वागत सम्बोधन श्री अश्वनी टेकरीवाल तथा धन्यवाद ज्ञापन श्री विनोद देकरीवाल द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री को एक प्रतीक चिन्ह भी भेंट किया गया।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More