37 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व क्रान्तिकारी नेता काॅमरेड झारखण्डे राय व काॅमरेड जय बहादुर सिंह की प्रतिमाओं का अनावरण किया

उत्तर प्रदेश
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज जनपद मऊ में काॅमरेड स्व0 झारखण्डे राय तथा क्रान्तिकारी नेता स्व0 जयबहादुर सिंह की कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित मूर्तियों का अनावरण करते हुए जनपद के तेजी से विकास के लिए 4712.24 लाख रुपये की 26 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 3947.21 लाख रुपये की 23 परियोजनाओं का शिलान्यास किया।

उन्होंने कहा कि जनपद में बुनकरों की बेहतरी के लिए एक विपणन केन्द्र बनाया जाएगा, जहां से बुनकरों के सामानों की बिक्री होगी। उन्होंने इस मौके पर 488 मेधावी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क लैपटाॅप, 498 मजदूरों को साइकिल, 10 विकलांगजन को ट्राई साइकिल व 5 मजदूरों को सोलर लाइट प्रदान की। इसके साथ ही, श्री यादव ने घोसी क्षेत्र के लिए 100 शैय्या वाले अस्पताल, पाॅलीटेक्निक तथा मधुबन को नगर पालिका बनाने की घोषणा करते हुए बेहतर यातायात के लिए आर0ओ0बी0 के लिए धन की व्यवस्था कराए जाने का आश्वासन भी दिया।
कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के बाद यह सपना था कि हर आदमी खुशहाल होगा, लेकिन गरीबों के लिए अभी बहुत कुछ करना बाकी है। दुनिया की तुलना में अभी हम बहुत पीछे हैं। उन्होंने उपस्थित जनसमुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि समाजवादी लोगों ने जो रास्ता दिखाया है उसी से ही गरीबों व किसानों का भला होगा। प्रदेश को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है। लखनऊ से दिल्ली को जोड़ने वाले देश के सबसे लम्बे आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे को तेजी से पूरा कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे विकास का केन्द्र बिन्दु बनेगा।
वर्ष 2016 तक शहरों में 24 घण्टे और गांवों में 16 घण्टे बिजली देने का भरोसा दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के बाद, वर्तमान राज्य सरकार ने जितने विद्युत उपकेन्द्र बनाए हैं, उतना किसी अन्य सरकार ने नहीं बनाए। गरीबों और असहायों के लिए ‘102’ व ‘108’ नम्बर की एम्बुलेन्स चलाई गई है। इन नम्बरों पर डायल करने से पीडि़त के दरवाजे पर 10-15 मिनट में एम्बुलेन्स पहुंच जाती है। यह सेवा पूरी तरह से निःशुल्क रखी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस  घटना स्थल पर अविलम्ब पहुंचे इसके लिए चार हजार से ज्यादा नई गाडि़यां पुलिस प्रशासन को उपलब्ध करायी जाएंगी। 45 लाख गरीब परिवारों को समाजवादी पेंशन योजना के तहत 500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक मदद दी जा रही है। इसमें ज्यादातर लाभार्थी महिलाएं हैं। इस पेंशन से समाज में महिलाओं का सम्मान बढ़ा है।
श्री यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ओलावृष्टि/अतिवृष्टि से किसानों की फसलों के नुकसान की भरपाई अपने संसाधनों से कर रही है। आजमगढ़ में किसान सहकारी चीनी मिल का आधुनिक संयंत्र लगाया जा रहा है, जिससे जनपद मऊ और आजमगढ़ के किसान लाभान्वित होंगे। विद्युत व्यवस्था को और बेहतर बनाए रखने तथा सबको निर्बाध बिजली मिल सके, इसके लिए आजमगढ़ और मऊ में भूमिगत केबिल बिछाए जा रहे हैं। उन्होंने समाजवादी सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि ग्रामीण इलाकों में गरीबों को आवास मुहैया कराने हेतु लोहिया आवास बनाए जा रहे हैं। उन्होंने लोगों को आश्वस्त करते हुए कहा कि जनपद मऊ विकास के क्षेत्र में दूसरे जिलों से पीछे नहीं रहेगा। किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले, इसके लिए मण्डी की सुविधा तथा बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मऊ जनपद में विकास की गति तेज करने के लिए सड़कों हेतु विशेष पैकेज दिया जाएगा। उन्होंने इस मौके पर कलेक्ट्रेट में पौधारोपण भी किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद एवं पूर्व रक्षा मंत्री श्री मुलायम सिंह यादव ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, मजदूरों के नेता पूर्व मंत्री काॅमरेड स्व0 झारखण्डे राय एवं क्रान्तिकारी नेता व पूर्व सांसद स्व0 जयबहादुर सिंह के इतिहास को स्मरण रखना चाहिए तथा उनके बताए हुए रास्ते पर चलकर देश को आगे बढ़ाना चाहिए। प्रदेश सरकार ने किसानों का ऋण माफ किया है। उन्होंने जोर देकर कहा कि समाजवादी सरकार किसानों की जमीन नीलाम नहीं होने देगी। सिंचाई के लिए पानी पर देय शुल्क को समाप्त किए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि दवाई और पढ़ाई मुफ्त कर दी गयी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का और बंटवारा नहीं होने दिया जाएगा।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More