37 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री ने पहले ‘यू0पी0 प्रवासी दिवस‘ का उद्घाटन किया

उत्तर प्रदेश
आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि यह प्रदेश असीमित संभावनाओं का प्रदेश है। यहाँ पर सभी प्रकार के

प्राकृतिक संसाधनों के साथ-साथ मानव संसाधन मौजूद हैं, जिनका उपयोग प्रदेश के विकास में किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लगभग पौने चार साल पहले प्रदेश के लोगों ने पूर्ण बहुमत से समाजवादी सरकार जिस उम्मीद से बनाई थी, राज्य सरकार उन सभी को पूरा कर रही है।
मुख्यमंत्री ने ये विचार आज यहाँ आगरा में उत्तर प्रदेश के एन0आर0आई0 विभाग तथा फिक्की के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस‘ के उद्घाटन के अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि मार्च 2012 में जब समाजवादी सरकार सत्ता में आई तो उसे राज्य की दशा पूरी तरह से जर्जर मिली, विकास कार्य पूरी तरह से ठप हो चुके थे। लेकिन राज्य सरकार ने बिना समय गँवाए प्रदेश के लोगों के हित में तेजी से फैसले लेने शुरू किए और विकास को गति दी।
श्री यादव ने कहा कि सरकार के इन्हीं फैसलों का नतीजा है कि आज लखनऊ में सबसे तेज मेट्रो रेल आ रही है, जो इस साल अक्टूबर मेें दौड़ने लगेगी। इसके अलावा कई अन्य शहरों में भी मेट्रो लाने की तैयारी चल रही है। लगभग 300 किमी0 लंबे आठ-लेन के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे, लखनऊ में आई0टी0 सिटी की स्थापना, उन्नाव में ट्रांस-गंगा हाईटेक सिटी, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना, पूरे प्रदेश की सड़कों को सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ पूरे प्रदेश में अन्य अवस्थापना सुविधाएँ जैसे-पुलों, आर0ओ0बी0, फ्लाई-ओवर का निर्माण कार्य बहुत तेजी से चल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास में गरीबों, पिछड़ों, अल्पसंख्यकों, महिलाओं, विद्यार्थियों का विशेष ध्यान रख रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने समाजवादी पेंशन योजना के माध्यम से महिलाओं के सम्मान की रक्षा की है। उन्होंने कहा कि 1090 ‘वीमेन पावर लाइन‘ के माध्यम से महिलाओं का हौसला बढ़ा है और अब वे निडर होकर अपने काम कर रही हैं। अपनी समस्याओं को इस हेल्पलाइन पर बता कर उनका समाधान करवा रही हैं। ‘108‘ समाजवादी स्वास्थ्य सेवा ‘102‘ नेशनल एम्बुलेंस सर्विस का लाभ गरीबों, महिलाओं को पूरी तरह से मिल रहा है। प्रदेश के 12 वीं पास विद्यार्थियों को 15 लाख निःशुल्क लैपटाॅप वितरित किए गए हैं, जिससे अब गाँवों के विद्यार्थी भी लाभान्वित हो रहे हैं। लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कन्या विद्या धन वितरित किया जा रहा है। अल्पसंख्यक बालिकाओं को शिक्षा के लिए मदद दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्यटन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दे रही है क्योंकि इसके माध्यम से बेरोजगारों को रोजगार दिया जा सकता है। इसके लिए प्रदेश के सभी पर्यटन स्थलों का विकास किया जा रहा है। राज्य सरकार ने आगरा-लखनऊ-वाराणसी हेरिटेज आर्क की स्थापना की है, ताकि पर्यटकों को इस क्षेत्र के सभी पर्यटक स्थलों तक पहुँचने में आसानी हो।
श्री यादव ने कहा कि प्रदेश के औद्योगिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा विश्वस्तरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास किया जा रहा है क्योंकि इसके बगैर नए उद्योगों की स्थापना संभव नहीं है। राज्य सरकार प्रदेश में नए बिजलीघरों की स्थापना के लिए भी कार्य कर रही है। बिजली उत्पादन बढ़ाने के सारे प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार पारंपरिक उद्योगों को भी प्रोत्साहित कर रही है। सरकार ने कन्नौज के पारंपरिक इत्र उद्योग को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुँचाने के लिए इत्र क्लस्टर बनाने की योजना बनाई है।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर मौजूद प्रवासियों का स्वागत करते हुए कहा कि आगरा में आयोजित पहले ‘उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस‘ पर सभी प्रवासियों का स्वागत करते हुए उन्हें बड़ी प्रसन्नता हो रही है। उन्होंने कहा कि आज से सैकड़ों वर्ष पूर्व ब्रिटिश हुकूमत के दौरान भारत से बड़ी संख्या में गिरमिटिया मजदूर सूरीनाम, फिजी, ट्रिनीडाड एण्ड टुबैगो, माॅरिशस इत्यादि ले जाए गए थे, उनमें उत्तर प्रदेश के भी बहुत से लोग थे। राज्य सरकार ने यह आयोजन उन्हीं लोगों का पुनः अपनी जड़ों की ओर आकर्षित करने के लिए किया है। उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से प्रवासियों को अपनी जड़ों से जुड़ने, अपनी माटी की सुगन्ध को पहचानने के साथ-साथ इस प्रदेश के विकास में अपना योगदान देने का भी मौका मिलेगा। यह आयोजन 4 से 6 जनवरी तक आगरा में चलेगा।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने के उपरान्त कार्यक्रम का उद्घाटन दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने इस अवसर पर आयोजित एक प्रदर्शनी का उद्घाटन भी किया। मुख्यमंत्री ने यू0पी0 रत्न पुरस्कारों का भी वितरण किया।
कार्यक्रम को प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य श्री बलवंत सिंह रामूवालिया, मुख्य सचिव श्री आलोक रंजन, एन0आर0आई0 एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री अशोक रामसरन ने भी संबोधित किया। एन0आर0आई0 विभाग के प्रमुख सचिव श्री संजीव सरन ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर प्रमुख सचिव सूचना, पर्यटन महानिदेशक तथा सी0ई0ओ0 यूपिडा श्री नवनीत सहगल, सचिव मुख्यमंत्री श्री पार्थसारथी सेन शर्मा, सूचना निदेशक श्री आशुतोष निरंजन के अलावा बड़ी संख्या में शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, फिक्की के पदाधिकारी, उद्यमी तथा प्रवासियों के अतिरिक्त, मीडिया प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More