बलरामपुर के मत्स्य पालकों को मिला वैश्विक मंच
प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और किसानों की आय में संवृद्धि के उद्देश्य से तराई अंचल के बलरामपुर जनपद में मत्स्य पालन क्षेत्र को एक संगठित और लाभदायक उद्योग के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस रणनीतिक पहल की गई है। विश्व बैंक द्वारा वित्तपोषित ‘उत्तर प्रदेश एग्रीकल्चर ग्रोथ एंड रूरल एंटरप्राइज इकोसिस्टम स्ट्रेंथनिंग’ (यूपी एग्रीज) परियोजना तथा ‘यूपी डास’ के माध्यम से जनपद में आधुनिक मत्स्य पालन, वैज्ञानिक प्रबंधन और बहुस्तरीय बाजार संपर्कों को धरातल पर उतारा जा रहा है। इस महत्वाकांक्षी योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार और प्रतिष्ठित औद्योगिक संस्थान आईटीसी के मध्य हुए संस्थागत समन्वय से पारंपरिक मत्स्य पालकों को उन्नत कृषि-उद्यमियों के रूप में उन्नत करने की रूपरेखा पर कार्य किया जा रहा है।
बलरामपुर जनपद की भौगोलिक स्थिति, प्रचुर जल संसाधन तथा प्राकृतिक आर्द्रभूमियाँ अंतर्देशीय मत्स्य पालन के लिए अत्यंत अनुकूल परिस्थितियाँ प्रदान करती हैं। अब तक स्थानीय स्तर पर सीमित संसाधनों, वैज्ञानिक ज्ञान के अभाव और केवल स्थानीय हाट-बाजारों पर अत्यधिक निर्भरता के कारण मत्स्य पालक अपनी उपज का यथोचित मूल्य प्राप्त करने से वंचित रह जाते थे। इस नई पहल के माध्यम से जनपद के परंपरागत मत्स्य पालन तंत्र को अत्याधुनिक तकनीकों से सुसज्जित कर स्थानीय उत्पादन को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
इस परियोजना की आधारशिला क्लस्टर आधारित विकास दृष्टिकोण पर रखी गई है, जिसके तहत बलरामपुर जनपद में कुल 11 विशिष्ट मत्स्य क्लस्टरों का गठन किया जा रहा है। प्रत्येक क्लस्टर का समन्वित क्षेत्रफल लगभग 9 से 12 हेक्टेयर निर्धारित किया गया है, जिसमें 0.2 हेक्टेयर से लेकर 2.0 हेक्टेयर तक के तालाब धारक लघु एवं सीमांत मत्स्य पालकों को शामिल किया जा रहा है। व्यक्तिगत स्तर पर बिखरे हुए छोटे जलक्षेत्रों को एक संगठित क्लस्टर में पिरोने से आदान लागत (इनपुट कॉस्ट) में कमी, बड़े पैमाने पर उत्पादन और सामूहिक विपणन शक्ति का सीधा लाभ स्थानीय पालकों को प्राप्त होगा।
मत्स्य उत्पादन की उत्पादकता और गुणवत्ता में क्रांतिकारी सुधार लाने के लिए तकनीकी नवाचारों का व्यापक समावेश किया गया है। क्लस्टरों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित एक्वाकल्चर प्रबंधन प्रणालियाँ तथा स्वचालित फीडिंग तकनीकें स्थापित की जा रही हैं। जल की गुणवत्ता, घुलित ऑक्सीजन (डीओ), पीएच मान, तापमान और अमोनिया स्तर की निरंतर निगरानी के लिए सेंसर आधारित डिजिटल प्रणालियों का उपयोग किया जाएगा। इससे न केवल मछलियों की मृत्यु दर में भारी गिरावट आएगी, बल्कि वैज्ञानिक पोषण प्रबंधन के माध्यम से ‘फीड कन्वर्जन रेशियो’ (एफसीआर) में उल्लेखनीय सुधार संभव होगा।
योजना के अंतर्गत मत्स्य पालकों को उच्च गुणवत्तायुक्त मत्स्य बीज (फिंगरलिंग्स) और संतुलित प्रोटीनयुक्त मत्स्य आहार की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित कराई जा रही है। प्रमाणित हैचरी के माध्यम से उन्नत भारतीय प्रमुख कार्प प्रजातियों जैसे रोहू, कतला, मृगल (नैनी) के साथ-साथ व्यावसायिक दृष्टि से अत्यधिक मांग वाली पंगासियस और तिलापिया जैसी प्रजातियों के वैज्ञानिक संवर्धन पर बल दिया जा रहा है। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में तकनीकी विशेषज्ञों द्वारा तालाब निर्माण, जल शोधन, रोग नियंत्रण और जैव-सुरक्षा (बायो-सिक्योरिटी) मानकों के कड़े अनुपालन हेतु मत्स्य पालकों को व्यावहारिक और ऑन-फील्ड प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
ग्रामीण समाज के समावेशी विकास और सामाजिक समानता को बढ़ावा देने के उदे्श्य से इस संपूर्ण क्लस्टर व्यवस्था में न्यूनतम 30 प्रतिशत महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की गई है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (यूपीएसआरएलएम) के तहत गठित महिला स्वयं सहायता समूहों को मत्स्य पालन की आधुनिक तकनीकों, तालाब प्रबंधन, आहार वितरण तथा प्राथमिक ग्रेडिंग कार्यों से प्रत्यक्ष रूप से जोड़ा जा रहा है। यह पहल ग्रामीण महिलाओं को केवल श्रम शक्ति के रूप में नहीं, बल्कि स्वतंत्र कृषि-उद्यमी और निर्णयकर्ता के रूप में स्थापित कर उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता का मार्ग प्रशस्त करेगी।
मत्स्य क्षेत्र में सबसे बड़ी बाधा उपज कटाई के उपरांत होने वाले नुकसान (पोस्ट-हार्वेस्ट लॉस) की रही है। इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु परियोजना के तहत तालाब के किनारे से लेकर अंतिम उपभोक्ता तक एक मजबूत और आधुनिक कोल्ड-चेन अवसंरचना का विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत प्राथमिक प्रसंस्करण इकाइयों, इंसुलेटेड एवं रेफ्रिजरेटेड परिवहन वाहनों, आधुनिक आइस-प्लांट्स तथा वैज्ञानिक भंडारण केंद्रों की स्थापना की जा रही है। इससे मछली की ताजगी लंबे समय तक सुरक्षित रहेगी और मत्स्य पालक औने-पौने दामों पर तत्काल बिक्री की विवशता से मुक्त हो सकेंगे।
आईटीसी के वृहद लॉजिस्टिक्स और सप्लाई-चेन नेटवर्क के साथ एकीकरण इस पहल का सबसे महत्वपूर्ण और परिवर्तनकारी पहलू है। अब तक बलरामपुर के मछुआरे केवल स्थानीय मंडियों तक ही सीमित थे, जहां बिचौलियों की मध्यस्थता के चलते उन्हें सीमित लाभ मिल पाता था। इस नई व्यवस्था के तहत तालाब से सीधे वैज्ञानिक पद्धति से मछली का उठान, गुणवत्ता परीक्षण और पैकेजिंग कर आईटीसी के माध्यम से लखनऊ, कानपुर, वाराणसी और दिल्ली-एनसीआर जैसे बड़े महानगरीय उपभोग केंद्रों में आपूर्ति की जाएगी।
राष्ट्रीय बाजारों में पहचान स्थापित करने के साथ-साथ परियोजना का दीर्घकालिक लक्ष्य बलरामपुर के मत्स्य उत्पादों को वैश्विक निर्यात मानकों के अनुकूल बनाना है। इसके लिए मत्स्य पालकों को रसायन-मुक्त पालन, अंतर्राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मानकों तथा ट्रेसिबिलिटी (उत्पाद के स्रोत की प्रामाणिकता) के नियमों का कड़ा अनुपालन कराया जा रहा है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में मीठे पानी की गुणवत्तापूर्ण मछलियों की बढ़ती मांग को देखते हुए यह ढांचा बलरामपुर के मत्स्य पालकों के लिए विदेशी मुद्रा अर्जन और प्रत्यक्ष निर्यात के नए द्वार खोलने में सक्षम सिद्ध होगा।
इस पूरी परियोजना को केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना’ (पीएमएमएसवाई) और प्रदेश सरकार की कल्याणकारी नीतियों के साथ प्रभावी ढंग से अभिसारित (कन्वर्ज) किया जा रहा है। मत्स्य पालकों को वित्तीय रूप से सशक्त करने के लिए किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), रियायती संस्थागत ऋण और बीमा सुरक्षा की सुगम सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इससे पालकों की कार्यशील पूंजी की आवश्यकताएं समय पर पूरी होंगी और वे बिना किसी वित्तीय जोखिम के आधुनिक तकनीकों को अपनाने में सक्षम हो सकेंगे।
जिला प्रशासन के सक्रिय सहयोग से जनपद में ग्राम सभाओं के उपयुक्त तालाबों का पारदर्शी आवंटन, पट्टाधारकों का तकनीकी सशक्तीकरण और विभागीय योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा रहा है। क्षमता विकास के लिए क्लस्टर स्तर पर नियमित कार्यशालाएं, प्रगतिशील मत्स्य पालकों के एक्सपोजर विजिट और डिजिटल परामर्श सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, जिससे अंतिम पायदान पर खड़े छोटे मत्स्य पालक को भी नवीनतम वैज्ञानिक अनुसंधानों का सीधा लाभ मिल सके।
बलरामपुर में लागू किया जा रहा यह एकीकृत मॉडल केवल उत्पादन वृद्धि तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पारिस्थितिक संतुलन, सतत जल संरक्षण और ग्रामीण आजीविका संवर्धन का एक उत्कृष्ट समन्वय प्रस्तुत करता है। कृषि विविधीकरण की दिशा में यह कदम जनपद के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराकर आर्थिक पलायन को रोकने में भी अत्यंत प्रभावी सिद्ध होगा। स्थानीय तालाबों से शुरू होकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय बाजारों तक विस्तारित होने वाली यह मूल्य-श्रृंखला बलरामपुर को समूचे प्रदेश में अंतर्देशीय मत्स्य विकास के एक प्रेरक और अनुकरणीय मॉडल के रूप में स्थापित कर रही है।




