35 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

Coronavirus: तीन दिनों में बढ़े नौ लाख से ज्यादा मामले, अमेरिका के बाद भारत में सबसे ज्यादा एक्टिव केस

देश-विदेश

कोरोना महामारी दिन प्रति दिन गंभीर होती जा रही है। बड़ी संख्या में नए मरीज तो सामने आ ही रहे हैं, मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। अगर हम पिछले तीन दिनों का ही आंकड़ा देखें तो इस दौरान नौ लाख से ज्यादा नए मामले बढ़ गए हैं और छह हजार से ज्यादा लोगों की जान चली गई है। सक्रिय मामले भी बढ़कर 24 लाख को पार कर गए हैं। इस गंभीर हालात से फिलहाल राहत मिलने के भी कोई संकेत नहीं मिल रहे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक बीते 24 घंटे के दौरान 3,32,730 नए मामले सामने आए हैं और 2,263 लोगों की मौत हुई है। वहीं, वल्र्डोमीटर के आंकड़ों के मुताबिक गुरुवार को 3,15,802 नए केस मिले थे और 2,102 लोगों की जान गई थी, जबकि बुधवार को 2,94,290 नए मामले पाए गए थे और 2,020 लोगों की मौत हुई थी। इस तरह इन दिनों में ही 9.40 लाख नए मरीज बढ़ गए और 6,385 लोगों की जान चली गई।

भारत में अब तक एक करोड़ 62 लाख 63 हजार से ज्यादा संक्रमित

कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर एक करोड़ 62 लाख 63 हजार से ज्यादा हो गई है। इनमें से एक करोड़ 36 लाख 48 हजार से ज्यादा मरीज ठीक भी हो चुके हैं और 1,86,920 लोगों की जान जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर में लगातार गिरावट आ रही है और अभी यह 83.92 फीसद है। मरने वालों की संख्या जरूर ज्यादा आ रही है, लेकिन संक्रमितों की तुलना में मृत्युदर लगातार कम हो रही है। वर्तमान में मृत्युदर 1.15 फीसद है। नए मामलों में हो रही वृद्धि के चलते सक्रिय मामले भी बढ़ रहे हैं। मौजूदा समय में सक्रिय मामले 24,28,616 हैं, जो कुल संक्रमितों का 14.93 फीसद है।

गुरुवार को रिकॉर्ड 17.40 लाख टेस्ट

भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए गुरुवार को देश भर में रिकॉर्ड 17,40,550 नमूनों की जांच की गई। इनको मिलाकर अब तक 27 करोड़ 44 लाख 45 हजार से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है।

महाराष्ट्र में कोरोना का संकट जारी

महाराष्ट्र में कोरोना का संकट लगातार जारी है। महाराष्ट्र अभी भी देश में सबसे प्रभावित प्रदेश बना हुआ है। हर दिन हजारों नए केस सामने आ रहे हैं। इस बीच राज्य में ऑक्सीजन के संकट के साथ-साथ वैक्सीनेशन की भी दिक्कत हो रही है। बता दें कि पिछले 24 घंटे में 67,013 केस आए हैं। इश दौरान 568 लोगों की मौत हुई है। इस प्रकार राज्य में 6,99,858 एक्टिव केस है। वहीं मुंबई में शुक्रवार को करीब 54 वैक्सीनेशन सेंटर्स बंद रहेंगे, क्योंकि उनके पास वैक्सीन नहीं है। वहीं, मुंबई में शुक्रवार को कोरोना के 7221 नए केस सामने आए और 72 लोगों की मौत हो गई।

उत्तर प्रदेश में रिकॉर्ड 37238 नए केस, अकेले लखनऊ में 5 हजार से अधिक पॉजिटिव

यूपी में कोरोना के केस तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। 24 घंटे में 37238 नए केस आए, जो एक दिन में प्रदेश में कोरोना संक्रमितों की सबसे बड़ी संख्या है। लखनऊ में कोरोना के पांच हजार से ज्यादा मामले आए हैं। वहीं, कोरोना के चलते प्रदेश में 199 लोगों की मौत हुई। इस बीच कोरोना मरीजों के इलाज को लेकर यूपी सरकार ने बड़ी राहत दी है। अब कोरोना मरीजों को भर्ती करने के लिए सीएमओ के रेफरल लेटर की जरूरत नहीं होगी। कोरोना मरीजों को सीधे अस्पताल में भर्ती किया जा सकेगा। कोरोना के केस बढ़ने के बाद यूपी के अस्पतालों में मरीज को भर्ती करने के लिए सीएमओ का रेफरल लेटर अनिवार्य किया गया था। जेएनएन

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More