33 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

मुख्यमंत्री द्वारा आगरा में मुगल म्यूजियम, ताज आरियेन्टेशन सेन्टर, आगरा कैफे स्ट्रीट तथा आगरा हेरिटेज सेन्टर परियोजनाओं का शिलान्यास करते हुए

उत्तर प्रदेश
लखनऊ/आगरा: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने आज अपने आगरा जनपद भ्रमण कार्यक्रम के अन्तर्गत स्थानीय ताज खेमा में आयोजित एक कार्यक्रम में विश्व प्रसिद्ध

स्मारक ताजमहल के आस-पास अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटन स्तर सुविधाओं के सृजन हेतु 438 करोड़ रुपए लागत की चार परियोजनाओं का शिलान्यास किया, जिनमें 141.89 करोड़ रुपए लागत की मुगल म्यूजियम परियोजना, 231.85 करोड़ लागत की ताज ओरियन्टेशन सेंटर, 35 करोड़ रुपए लागत की आगरा कैफे स्ट्रीट तथा 30 करोड़ रुपए लागत की आगरा हेरिटेज सेण्टर परियोजनाएं शामिल हैं।
श्री यादव ने इस अवसर पर कहा कि प्रदेश की वर्तमान समाजवादी सरकार पर्यटन को बढ़ावा देकर बड़े पैमाने पर शिक्षित बेरोजगार नौजवानों को रोजगार उपलब्ध कराए जाने हेतु निरंतर प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि उ0प्र0 असीमित संभावनाओं का प्रदेश है तथा आगरा समेत पूरे प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं तथा देश की इन्हीं एतिहासिक धरोहरों एवं पर्यटन स्थलों को विकसित कर प्रदेश सरकार राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर अर्थ व्यवस्था में सुधार एवं रोजगार सृजन हेतु निरन्तर प्रयत्नशील है।
ज्ञातव्य है कि भारत को विश्व में ताजमहल के देश के रूप में जाना जाता है तथा ये विश्वदाय स्मारक उत्तर प्रदेश के आगरा शहर में स्थित एक विश्व धरोहर और मुगलकालीन स्थापत्य कला का एक नायाब नमूना है। आगरा में ऐसी ही कई मुगलकालीन स्मारक हैं, जो अपने एतिहासिक महत्व और सुन्दर वास्तुकला के कारण पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करते हैं।
विश्व के लगभग सभी महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों पर म्यूजियम एवं संग्रहालय तथा इन्टरप्रटेशन सेंटर की उपलब्धता रहती है तथा इसी कमी को दूर करने के लिए मुख्यमंत्री ने आज मुगल संग्रहालय, ताज ओरियेटेशन सेंटर, शिल्पग्राम, आगरा कैफे स्ट्रीट एवं आगरा हेरिटेज सेण्टर परियोजनाओं का शिलान्यास किया। राज्य सरकार ने पर्यटन प्रोत्साहन हेतु आगरा-लखनऊ-वाराणसी हेरिटेज आर्क की स्थापना की है, ताकि पर्यटकों को इस क्षेत्र के सभी पर्यटक स्थलों पर पहंुचने में आसानी हो।
     मुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा में आयोजित प्रथम उत्तर प्रदेश प्रवासी दिवस अत्यन्त उत्साहवर्धक रहा है तथा इतनी बड़ी संख्या में प्रवासियों का इसमें भाग लेना उत्तर प्रदेश के प्रति उनके प्रेम एवं अपने वतन से जुड़कर उसके विकास में भागीदार बनने की चाह दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन प्रत्येक वर्ष ऐसे ही आयोजित किया जायेगा, ताकि अधिकाधिक प्रवासी भारतीयों को प्रदेश की विकास यात्रा से जोड़कर उनका सकारात्मक योगदान हासिल किया जा सके।
श्री यादव ने कहा कि आगरा के विकास के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनमें इनर रिंग रोड एवं आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे शामिल हैं तथा अवस्थापना सुविधाओं को विश्व मानकों के अनुरूप सुदृढ़ किया जा रहा है, ताकि अधिकाधिक अन्तर्राष्ट्रीय पर्यटकों को आकर्षित कर आगरा का चहुंमुखी विकास किया जा सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की वर्तमान समाजवादी सरकार शहरों एवं गांवों का संतुलित विकास करने हेतु दृढ़ संकल्प है तथा अवस्थापना सुविधाओं के संतुलित विकास एवं सुदृढ़ीकरण पर तेजी से कार्य चल रहा है, ताकि अनावश्यक शहरीकरण की प्रभावी रोकथाम कर गांवों में ही आवश्यक अवस्थापना सुविधाएं सृजित कर गांवों से शहरों की ओर पलायन को रोका जा सके।
श्री यादव ने कहा कि राज्य की बिजली व्यवस्था में सुधार हेतु नये बिजलीघर स्थापित किए जा रहे हैं तथा शीघ्र ही शहरों में 22 से 24 घण्टे तथा गांव में 16 से 18 घण्टे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। उन्होेंने कहा कि प्रदेश सरकार नेे 45 लाख जरूरतमन्दों को समाजवादी पेंशन योजना से लाभान्वित किया है तथा 108 तथा 102 एम्बुलेंस सेवाओं का लाभ प्रदेश के गरीबों तथा गांवों में रहने वालों को पूरी तरह से मिल रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के युवाओं को राजगार मुहैया कराने हेतु सभी सरकारी विभागों सहित पुलिस विभाग में भी बड़े पैमाने पर भर्ती कर रही है तथा किसानों, अल्पसंख्यकों, गरीबों, महिलाओं एवं गांव के लागों के विकास पर विशेष ध्यान दे रही है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वूमेन पावर लाइन की स्थापना की जा चुकी है, जिस पर महिलाएं अपनी समस्याएं इस हेल्पलाइन नम्बर पर दर्ज करा रही हैं।

Related posts

Leave a Comment

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More