कृषि, पशुधन, आवास एवं अवसंरचना क्षति के लिए भी बढ़ी सहायता राशि

उत्तराखण्ड जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले राज्य में आपदा प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत एवं पुनर्वास उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के अनुरोध पर केंद्र सरकार द्वारा राज्य आपदा मोचन निधि (एसडीआरएफ) एवं राष्ट्रीय आपदा मोचन निधि (एनडीआरएफ) के अंतर्गत विभिन्न मदों में दी जाने वाली सहायता राशि के मानकों में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। माननीय मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी तथा माननीय आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी तथा माननीय केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह जी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया है।

मा0 मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा सहायता मानकों में की गई यह वृद्धि आपदा प्रभावित परिवारों के लिए बड़ी राहत है। उत्तराखण्ड में भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बाढ़, भूस्खलन, अतिवृष्टि, बादल फटना, हिमपात सहित विभिन्न आपदाओं के दौरान जन-धन एवं कृषि, पशुधन, आवास तथा सार्वजनिक अवसंरचना को व्यापक क्षति होती है। ऐसे में बढ़े हुए मानकों से प्रभावित लोगों को अधिक प्रभावी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी और राहत एवं पुनस्र्थापना कार्यों को भी गति मिलेगी।

माननीय आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री श्री मदन कौशिक जी ने कहा कि संशोधित मानकों से आपदा के बाद प्रभावित परिवारों, किसानों, पशुपालकों, मत्स्य पालकों, कारीगरों तथा स्थानीय स्तर की सार्वजनिक अवसंरचना को पहले की तुलना में अधिक सहायता मिल सकेगी। इससे राहत एवं पुनर्स्थापना की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास श्री विनोद कुमार सुमन ने बताया कि उक्त प्रावधान वित्तीय वर्ष 2026-2027 के लिए प्रभावी हो गए हैं।

मृत्यु, दिव्यांगता एवं व्यक्तिगत क्षति
आपदा में मृत्यु पर अनुग्रह सहायता राशि ₹4 लाख से बढ़ाकर ₹8 लाख प्रति मृतक कर दी गई है। खास बात यह है कि इसमें राहत एवं बचाव कार्य करने वाले कार्मिक भी शामिल किए गए हैं।
40 से 60 प्रतिशत स्थायी दिव्यांगता के लिए सहायता ₹74,000 से बढ़ाकर ₹94,000 प्रति व्यक्ति की गई है।
60 प्रतिशत से अधिक गंभीर दिव्यांगता के लिए सहायता ₹2.50 लाख से बढ़ाकर ₹3.20 लाख प्रति व्यक्ति की गई है।
एक सप्ताह से अधिक अस्पताल में भर्ती रहने पर गंभीर चोट के लिए सहायता ₹16,000 से बढ़ाकर ₹20,500 प्रति व्यक्ति की गई है।
एक सप्ताह से कम अस्पताल में भर्ती रहने पर गंभीर चोट के लिए सहायता ₹5,400 से बढ़ाकर ₹7,000 प्रति व्यक्ति की गई है।
आजीविका/दैनिक निर्वाह सहायता ₹60 प्रतिदिन से बढ़ाकर ₹60 तथा ₹90 प्रतिदिन के निर्धारित प्रावधान के अनुसार की गई है।
कपड़ों के नुकसान पर सहायता ₹2,500 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रति परिवार तथा घरेलू उपयोग की वस्तुओं के नुकसान पर सहायता ₹2,500 से बढ़ाकर ₹5,000 प्रति परिवार की गई है।

Related Articles

Back to top button