30 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

एशियन गेम्स: दुती ने रजत जीतकर पीटी उषा की बराबरी की, हिमा और अनस को भी रजत

खेल समाचार

जकार्ता: फर्राटा धाविका दुती चंद ने 18वें एशियाई खेलों के एथलेटिक्स प्रतियोगिता की 100 मीटर दौड़ में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए रविवार को रजत पदक जीत लिया जबकि नई स्टार हिमा दास और मोहम्मद अनस ने भी 400 मीटर दौड़ में रजत जीते। हालांकि लक्ष्मणन गोविंदन ने पुरुष 10000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता लेकिन कुछ देर बाद ही उन्हें बाधा पहुंचाने के आरोप में अयोग्य करार दिया गया।

एक समय जेंडर विवाद में फंसी ओड़िशा की दुती ने 100 मीटर के फाइनल में कमाल का प्रदर्शन किया और इस स्पर्धा के स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक का फैसला फोटो फिनिश के जरिये हुआ। दुती ने 11.32 सेकेंड का अपना सर्वश्रेष्ठ समय निकालते हुए रजत पदक जीता। बहरीन की एडिडियोंग ओडियोंग ने 11.30 सेकेंड में स्वर्ण और चीन की योंगली वेई ने 11.33 सेकेंड में कांस्य पदक जीता। स्पर्धा समाप्त होने के बाद विजेताओं के लिए फोटो फिनिश का सहारा लिया गया जिसमें दुती का नाम दूसरे स्थान पर आते ही भारतीय एथलीट ने तिरंगा अपने कंधों पर उठा लिया। दुती के लिए यह पदक गौरव का क्षण था।

22 साल की दुती इस तरह देश की महान एथलीट पीटी उषा के 1986 के सोल एशियाई खेलों में 100 मीटर में रजत पदक जीतने के बाद यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय एथलीट बन गई हैं। विश्व जूनियर चैंपियनशिप में 400 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली 18 साल की हिमा ने शानदार प्रदर्शन किया और 50.79 सेकेंड का समय लेकर रजत जीता। बहरीन की सल्वा नासीर ने 50.09 सेकेंड का नया एशियाई खेल रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण जीता। कजाकिस्तान की एलिना मिखिना ने 52.53 सेकेंड में कांस्य पदक जीता।

हिमा की कामयाबी के बाद अनस ने भी शानदार प्रदर्शन किया और पुरुषोंकी 400 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत लिया। केरल के 23 वर्षीय अनस का एशियाई खेलों में यह पहला पदक है। उन्होंने गत वर्ष भुवनेश्वर में एशियाई चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था जबकि इस साल राष्ट्रमंडल खेलों में वह चौथे स्थान पर रहे थे। अनस ने 45.69 सेकेंड का समय लेकर रजत जीता। कतर के अब्दालेह हसन ने 44.89 सेकेंड का समय लेकर स्वर्ण और बहरीन के अली खामिस ने 45.70 सेकेंड का समय लेकर कांस्य जीता।

असम के नागांव की हिमा ने इस तरह भारत को इन खेलों में एथलेटिक्स का दूसरा, अनस ने तीसरा और दुती ने चौथा पदक दिला दिया। तजिंदरपाल सिंह तूर ने कल पुरुष गोला फेंक स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। हिमा इस साल गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में 400 मीटर दौड़ में छठे स्थान पर रही थीं लेकिन फिनलैंड में हुई जूनियर विश्व चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर यह कारनामा करने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनी थीं।

400 मीटर स्पर्धा में भारत की निर्मला मामूली अंतर से कांस्य पदक जीतने से चूक गईं और उन्हें चौथा स्थान मिला। निर्मला ने 52.96 सेकेंड का समय लिया और वह कांस्य पदक विजेता मिखिना के 52.63 सेकेंड के समय से जरा पीछे रह गयी। पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में राजीव अरोकिया 45.84 सेकेंड का समय लेकर चौथे स्थान पर रहे।

इस बीच लंबी कूद स्पर्धा में श्रीशंकर छठे स्थान पर रहे जबकि धरुण अयासामी और संतोष कुमार ने सेमीफाइनल में दूसरे और पांचवें स्थान पर रहते हुए 400 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More