29 C
Lucknow
Online Latest News Hindi News , Bollywood News

जनभावना का सम्मान करने वाली सरकार सुरक्षा और सुशासन देती, इससे समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता: मुख्यमंत्री

उत्तर प्रदेश

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने कहा है कि जब जनभावना का सम्मान करने वाली सरकार आती है, तो वह सुरक्षा और सुशासन देती है। इससे समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होता है। जनता द्वारा चुनी गयी वर्तमान प्रदेश सरकार में विकास और खुशहाली का वातावरण हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है। जब सुरक्षा का बेहतर वातावरण होता है, तो विकास का नया दौर दिखाई पड़ता है। निवेश बढ़ता है और सुशासन जमीनी धरातल पर दिखायी देता है। इससे नौजवानों को घर के निकट ही रोजगार मिलता है।
मुख्यमंत्री जी आज गोरखपुर में पर्यटन के प्रसार के दृष्टिगत रामगढ़ताल के समीप होटल कोर्टयार्ड बाय मैरियट का शुभारम्भ करने के बाद इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्मित इस फाइव स्टार होटल का निरीक्षण भी किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर में कई नयी चीजें हो रही हैं। होटल के साथ आज यहां क्रूज सेवा का भी शुभारम्भ हो रहा है। प्रदेश सरकार का संकल्प है कि राज्य के नौजवानों को नौकरी के लिए बाहर नही जाना पड़ेगा, बल्कि बाहर के लोग रोजगार के लिए यहां आएंगे। इस होटल का स्टाफ भी विभिन्न प्रान्तों से आया है। इससे पता चलता है कि अब गोरखपुर स्थानीय युवाओं के साथ-साथ देश के अन्य कुशल कार्यबल को रोजगार देने का माध्यम बन रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने होटल की कार्यदायी संस्था को बधाई देते हुए कहा कि संस्था ने पर्यटन विभाग की नीति का लाभ उठाते हुए इस फाइव स्टार होटल को जमीनी धरातल पर उतारने का काम किया है। आज से 10 वर्ष पहले जनपद गोरखपुर उजाड़ अवस्था में था। वर्तमान सरकार का शासन आने के बाद पर्यटन विभाग के जर्जर भवन में इस होटल के निर्माण की कार्यवाही शुरू हुई। सरकार की सोच फाइव स्टार है, जिसके कारण इस तरह के होटलों का निर्माण कार्य आगे बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज गोरखपुर 20 लाख की आबादी का महानगर होने के साथ ही, पूर्वी उत्तर प्रदेश व नेपाल की बड़ी आबादी के लिए शिक्षा और नौकरी का माध्यम बन रहा है। सड़क के साथ गोरखपुर की एयर कनेक्टविटी बेहतर हुई है। अन्य प्रान्तों के लोग अब यहां पर्यटन के लिए आते हैं। परिश्रम के साथ अब यहां परिवार के साथ मनोरंजन हेतु क्रूज, होटल या अन्य जगहों पर भ्रमण भी करने की सुविधा प्राप्त हो रही है। गोरखपुरवासियों से अपने शहर को सुन्दर बनाने के लिए योगदान देने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अपने गांव व शहर के प्रति भावनात्मक लगाव रखेंगे, तो समृद्धि अवश्य आपके पास आयेगी।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि गोरखपुर में रामगढ़ताल संवर गया है, अब यहां फिल्मों की शूटिंग भी होने लगी है। पर्यटन विभाग लुप्तप्राय सम्पत्ति को होटल में परिवर्तित कर जन आवश्यकताओं की पूर्ति का माध्यम बना रही है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में आज भारत दुनिया की एक बड़ी ताकत बन रहा है। प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में हम वर्ष 2027 तक भारत को दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्था में शामिल करने के लक्ष्य को लेकर आगे बढ़ रहे हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि हमारा यह दायित्व है कि अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें। इसी दायित्व के निर्वहन में यह प्रयास किये जा रहे हैं। अयोध्या आज एक नई अयोध्या के रूप में सामने आ रही है। वहां दो दर्जन पांच सितारा होटलों के प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। कुछ पर कार्य भी चल रहा है। उत्तर प्रदेश जहां पहले कोई आना नहीं चाहता था, आज वहां होटल, इन्फ्रास्ट्रक्चर, कनेक्टविटी आदि क्षेत्रों में विश्व का हर निवेशक निवेश करना चाहता है। आज निवेशक गोरखपुर, अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी जैसे शहरों में कार्य करना चाहता है।
मुख्यमंत्री जी ने होटल मैरियट ग्रुप से अपने शानदार होटल में प्रदेश के स्थानीय उत्पाद के बारे में भी पर्यटकां को अवगत कराने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री जी के वोकल फार लोकल के आह्वान के क्रम ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के रूप में प्रत्येक जिले के प्रोडक्ट को पहचान दे रही है। उत्तर प्रदेश आज एक्सपोर्ट हब के रूप में दो लाख करोड़ रुपये के स्थानीय उत्पादों का निर्यात कर रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा अमेजन एवं अन्य ऐसी संस्थाओं से एम0ओ0यू0 किये गये हैं, जिसके माध्यम से इन उत्पादों की ऑनलाइन डिलिवरी हो सकती है। यह सुविधाएं रोजगार सृजन में भी सहायक हो रही हैं।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश नये भारत का नया उत्तर प्रदेश बन चुका है। यह भारत की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर हो चुका है। विगत फरवरी माह में आयोजित यू0पी0 ग्लोबल इनवेस्टर्स समिट के अन्तर्गत 40 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुये हैं। इससे 01 करोड़ 10 लाख युवाओं को नौकरी की गारंटी प्राप्त हुई है। यह प्रस्ताव हर जनपद के लिए प्राप्त हुए हैं। उन्हीं प्रस्तावों के क्रम में पर्यटन नीति के अन्तर्गत होटल बन रहे हैं। यह होटल समूह प्रदेश सरकार द्वारा शुरू हेरिटेज होटल निर्माण की नई श्रृंखला से भी जुड़कर पर्यटन विकास में अपना योगदान दे सकता है। बुन्देलखण्ड में लगभग 31 ऐसे किले हैं, जिनको होटल के रूप में विकसित करके उस क्षेत्र में पर्यटन को तेजी से बढ़ाया जा सकता है। प्रदेश के अन्य शहरों में भी इस प्रकार की सम्भावनाएं है। फाइव स्टार होटल के साथ होम स्टे की एक नई व्यवस्था के साथ पर्यटन को आगे बढ़ाया जा सकता है। इससे एक नई संस्कृति के विकास के साथ लोग आकर्षित होंगे और दुनिया गोरखपुर आयेगी।
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में आज प्रदेश में कानून के राज के कारण प्रदेश निवेश का आकर्षक गन्तव्य बन गया है। गोरखपुर में आज चहुंमुखी विकास हो रहा है। प्रदेश में कारोबार का माहौल बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। बेहतरीन सुरक्षा वातावरण के कारण निवेशकों का भरोसा बढ़ा है। वे आज उत्तर प्रदेश में उद्योग स्थापित कर रहे हैं। गोरखपुर के कायाकल्प में यह होटल महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगा। सरकार ने होटलां के वर्गीकरण के लिए एक नई नीति बनाई है, ताकि निवेशक निवेश के लिए आकर्षित हो सके। होटल को उद्योग का दर्जा देकर उसका लाभ भी उन्हें दिया जायेगा।
इस अवसर पर सांसद श्री रविकिशन शुक्ल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, मुख्यमंत्री जी के सलाहकार श्री अवनीश कुमार अवस्थी सहित शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related posts

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More