लाभार्थी को मिला प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ स्वनिधि योजना का लाभ

यह सफलता की कहानी नहीं, बल्कि जीवन में आए एक नए सवेरे की कहानी है, जिसने टूटे-फूटे आशियाने को पक्के घर में बेबसी को आत्मनिर्भरता में बदल दिया। कुछ समय पहले तक श्रीमती हंसा राजभर पत्नी श्री धर्मेन्द्र कुमार वार्ड नं. 06, अमिलो खास, नगर पालिका परिषद मुबारकपुर, जनपद-आजमगढ़ के पास एक बहुत ही जर्जर मकान था। कटरैन और टट्टर से बना हुआ, टूटा-फूटा मकान, जिसमें बरसात के दिनों में छत से पानी टपकता था और गर्मियों में तेज धूप सीधे अंदर आती थी। उस एक छोटे से कमरे में ही उनका पूरा परिवार रहता था। श्रीमती हंसा ने बताया कि उन्हें रहने और बच्चों के पढ़ने में काफी समस्या होती थी। बच्चों के पास पढ़ने के लिए न ठीक से जगह थी, न  ही रोशनी थी। बारिश में किताबें भीग जाया करती थीं। एक माँ के लिए इससे बड़ी तकलीफ और क्या हो सकती है कि वह अपने बच्चों को एक सुरक्षित छत भी न दे सके।
श्रीमती हंसा ने बताया कि मेरे पति की एक छोटी सी सब्जी की दुकान है। दिन भर मेहनत करने के बाद भी उतनी आमदनी नहीं हो पाती थी कि हम अपना पक्का मकान बनवा सकें। किसी तरह परिवार का खर्च चलाना ही मुश्किल होता था। पक्का मकान बनाना तो हमारे लिए एक सपना जैसा था, जो शायद कभी पूरा नहीं हो सकता था। हम सोचते थे कि शायद पूरी जिंदगी इसी कच्चे और असुरक्षित मकान में गुजारनी पड़ेगी।
श्रीमती हंसा ने बताया कि इसी बीच एक दिन मुझे मोहल्ले की आशा बहू के माध्यम से प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के बारे में जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि सरकार गरीब और बेघर परिवारों को पक्का मकान बनाने के लिए सहायता दे रही है। पहले तो मुझे विश्वास ही नहीं हुआ। मुझे लगा कि इतनी बड़ी योजना का लाभ हम जैसे छोटे लोगों तक कैसे पहुंचेगा। फिर भी एक उम्मीद के साथ मैं डूडा कार्यालय गई।
डूडा कार्यालय में अधिकारियों ने मुझे बड़े ही सम्मान और सहयोग के साथ आवास योजना से संबंधित सारी जानकारी दी। उन्होंने मुझे बताया कि योजना के लिए कौन-कौन से कागजात लगेंगे और कैसे आवेदन करना है। मैंने अपनी सभी औपचारिकताएं पूरी कीं। कुछ ही महीनों में मेरा आवेदन स्वीकृत हो गया और मेरे खाते में आवास निर्माण के लिए सहायता राशि आनी शुरू हो गई।जब मेरे घर की नींव रखी गई तो मेरी आँखों में आँसू थे। वह आँसू खुशी के थे। धीरे-धीरे मेरा पक्का मकान बनकर तैयार हो गया। आज मेरे पास अपना पक्का घर है, जिसमें दो कमरे, एक रसोई और एक पक्का शौचालय है। अब मेरे बच्चे सुरक्षित और अच्छे माहौल में पढ़ते हैं। बारिश में हमें डर नहीं लगता। मेरा पक्का घर और शौचालय बन जाने से हम सभी, खासकर मैं और मेरी बेटी, काफी सुरक्षित महसूस करते हैं। यह केवल ईंट और सीमेंट का मकान नहीं, यह मेरे आत्मसम्मान और सुरक्षा का प्रतीक है।
आवास से व्यवसाय तक का सफर कहानी यहीं खत्म नहीं होती। हंसा ने बताया कि पक्का मकान मिलने के बाद मेरे जीवन में एक और बड़ा बदलाव आया। मेरे मन में आया कि क्यों न इसी घर में रहकर कुछ काम किया जाए। मैंने अपने आवास में ही सिलाई का कार्य शुरू कर दिया। सरकार से मिले आवास ने मुझे न केवल छत दी, बल्कि रोजगार का जरिया भी दे दिया।मैंने एक सिलाई मशीन खरीदी और मोहल्ले के कपड़े सिलने शुरू किए। आज मेरी सिलाई से परिवार की आय में वृद्धि हुई है। पहले जहां मैं पूरी तरह पति की कमाई पर निर्भर थी, वहीं आज मैं अपने पैसे से परिवार के पालन-पोषण में योगदान देती हूँ। अब हमारे बच्चे भी अच्छे स्कूल में पढ़ने जाते हैं। मैं अपने बच्चों की फीस खुद देती हूँ, इससे बड़ा गर्व एक माँ के लिए और क्या होगा।
श्रीमती हंसा राजभर ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ-साथ मुझे स्वनिधि योजना का भी लाभ मिला है, जिससे मैंने अपनी सिलाई के काम को और बढ़ाया है। इस पूरे बदलाव के लिए मैं माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी का बहुत-बहुत धन्यवाद देती हूँ। अगर यह योजना न होती तो शायद मैं आज भी उसी टूटे-फूटे मकान में जीवन यापन कर रही होती। सरकार के सहयोग के कारण मेरे रहन-सहन में बहुत बड़ा बदलाव आया है। मेरे जैसे लाखों गरीब परिवारों का पक्के घर का सपना सरकार ने सच कर दिखाया है। इसके लिए मेरा पूरा परिवार मुख्यमंत्री जी का सदैव आभारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button