प्रदेश से कुष्ठ रोग उन्मूलन के लिए प्रतिबद्ध है प्रदेश सरकार

कुष्ठ रोग का उन्मूलन स्वास्थ्य विभाग व्यापक सामाजिक सहभागिता, जागरूकता और सामूहिक प्रयासों के साथ कर रहा है। प्रदेश सरकार प्रदेश को कुष्ठ रोग से मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दिशा में कुष्ठ रोग के नए मामलों की शीघ्र पहचान, संक्रमण की रोकथाम, रोग से होने वाली दिव्यांगता में कमी और प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पाँच वर्षीय कार्ययोजना तैयार की जा रही है। इसमें प्राथमिकता वाले जिलों और ब्लॉकों की पहचान, स्वास्थ्यकर्मियों का प्रशिक्षण, नियमित समीक्षा तथा प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाओं से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
लखनऊ में आयोजित दो दिवसीय राज्य स्तरीय कुष्ठ रोग उन्मूलन सम्मेलन में इन प्राथमिकताओं के साथ प्रदेश में कुष्ठ उन्मूलन की भावी रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम, आईएलईपी इंडिया, निप्पोन फाउंडेशन और सासाकावा हेल्थ फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित इस सम्मेलन में नीति-निर्माताओं, स्वास्थ्य विशेषज्ञों, विकास सहयोगियों, शिक्षाविदों, अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों और विभिन्न हितधारकों ने अपने अनुभव साझा किए।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने पिछले दस वर्षों में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रदेश जापानी इंसेफेलाइटिस (जेई) पर प्रभावी नियंत्रण हासिल कर चुका है और पिछले तीन वर्षों में इस बीमारी से किसी बच्चे की मृत्यु नहीं हुई है। इसी प्रकार सिकल सेल एनीमिया और सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार कुष्ठ रोग के उन्मूलन के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है। राज्य सरकार विश्व स्वास्थ्य संगठन और सासाकावा हेल्थ फाउंडेशन के सहयोग से चिन्हित दस विषयों पर काम करेगी, ताकि कुष्ठ-मुक्त उत्तर प्रदेश का लक्ष्य प्राप्त किया जा सके। प्रदेश के अधिक रोगियों वाले जिलों में सघन रोगी खोज अभियान चलाया जा रहा है, जिससे बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा सके। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) और अग्रिम पंक्ति के स्वास्थ्यकर्मियों के नेटवर्क को मजबूत बनाने तथा उनके प्रशिक्षण और क्षमता विकास पर जोर दिया गया है। कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों को सामाजिक बहिष्कार और भेदभाव से बचाना भी स्वास्थ्य कार्यक्रम का महत्वपूर्ण उद्देश्य है। सम्मेलन में कुष्ठ उन्मूलन के प्रति प्रतिबद्धता के साथ बीमारी की रोकथाम, उपचार, सामाजिक समावेशन और प्रभावित व्यक्तियों के अधिकारों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों का संकल्प लिया गया।
प्रदेश में कुष्ठ रोगियों की वर्ष 2025-26 में 91,783 नए मामले दर्ज किए गए, जबकि उपचार पूर्ण करने की दर 97 प्रतिशत से अधिक रही है। सक्रिय रोगी खोज अभियान के माध्यम से नए मामलों की शीघ्र पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित किया जा रहा है। रोगियों के निकट संपर्क में रहने वाले व्यक्तियों को संक्रमण से बचाव के लिए रिफैम्पिसिन की एकल खुराक दी जा रही है। इसके अतिरिक्त कुष्ठ रोग से दिव्यांग हुए व्यक्तियों को पेंशन, विशेष चप्पल, घावों की देखभाल, शल्य चिकित्सा और पुनर्वास जैसी सुविधाओं से जोड़ा जा रहा है। विभाग का प्रमुख लक्ष्य दिव्यांगता की रोकथाम के साथ प्रभावित व्यक्तियों को सम्मानजनक और आत्मनिर्भर जीवन उपलब्ध कराना है।
भारत में विश्व स्वास्थ्य संगठन के प्रतिनिधि डॉ. इवान जे.-एफ. हुटिन ने वर्चुअल माध्यम से सम्मेलन को बताया कि उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में कुष्ठ रोग की प्रसार दर प्रति 10,000 आबादी पर 0.34 है। आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से कुष्ठ सेवाओं के एकीकरण, शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार और सामाजिक समावेशन को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। साथ ही संक्रमण और बीमारी से जुड़े सामाजिक कलंक को समाप्त करने के लिए सभी साझेदारों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया गया। विशेषज्ञों का मानना था कि कुष्ठ उन्मूलन के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ जनजागरूकता, सामुदायिक सहभागिता और सामाजिक स्वीकार्यता को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। सम्मेलन से प्राप्त सुझावों के आधार पर अगले पांच वर्षों के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
उत्तर प्रदेश में कुष्ठ उन्मूलन की रणनीति अब केवल रोग की पहचान और उपचार तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि दिव्यांगता की रोकथाम, पुनर्वास, सामाजिक सुरक्षा और भेदभाव से मुक्ति को भी समान महत्व दिया जाएगा। चिकित्सा सेवाओं, प्रशासनिक प्रतिबद्धता और सामाजिक सहभागिता के समन्वय से कुष्ठ-मुक्त एवं भेदभाव-मुक्त उत्तर प्रदेश के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में प्रदेश सरकार अग्रसर है।

Related Articles

Back to top button