हरिद्वार में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू,राजनाथ सिंह देंगे जीत का मंत्र
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यसमिति के सदस्य मौजूद हैं। बैठक के दौरान बूथ, मंडल और जिला स्तर पर संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है।
सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य
बैठक के पहले दिन भाजपा ने अपने सातों मोर्चों को सदस्यता अभियान के तहत एक-एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया। पार्टी का फोकस संगठन का विस्तार करने के साथ ही जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने पर है। इसके अलावा प्रदेशभर में सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा निकालने की योजना पर भी चर्चा हो रही है।
इस यात्रा के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने और जनता के साथ संवाद स्थापित करने की रणनीति बनाई जा रही है। पार्टी ने दिसंबर तक जनआशीर्वाद यात्रा और संवाद कार्यक्रमों को पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
हैट्रिक के साथ बड़े बहुमत से सरकार बनाएगी भाजपा: धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का संकल्प लेकर जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि भाजपा हैट्रिक लगाते हुए बड़े बहुमत के साथ फिर से सरकार बनाएगी।
सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश के विकास की गति को और तेज करने के लिए लाखों कार्यकर्ता मिलकर काम करेंगे। सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना पार्टी की प्राथमिकता रहेगी।
राजनाथ सिंह देंगे 65 पार का चुनावी मंत्र
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में दोपहर बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल होंगे। उनके संबोधन को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। संगठन और सरकार में लंबे अनुभव के आधार पर राजनाथ सिंह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को चुनाव में जीत हासिल करने के लिए मार्गदर्शन देंगे।
गौरतलब है कि इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव संगठन बीएल संतोष ने देहरादून में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस दौरान उन्होंने विधानसभा चुनाव में 65 से अधिक सीटें जीतने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया था।
अब हरिद्वार में हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में राजनीतिक और आर्थिक प्रस्तावों के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी पेश की जाएगी। भाजपा का पूरा जोर चुनाव से पहले संगठन को मजबूत करने और प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर अपनी स्थिति मजबूत करने पर है।




