हरिद्वार में भाजपा कार्यसमिति की बैठक का आगाज, सीएम धामी ने किया शुभारंभ
प्रदेश कार्यसमिति की इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर करीब तीन घंटे तक मंथन किया जाएगा। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने और चुनाव से पहले चलाए जाने वाले कार्यक्रमों की रणनीति पर चर्चा हो रही है। भाजपा ने उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य रखा है।
थोड़ी देर में हरिद्वार पहुंचेंगे राजनाथ सिंह
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, वह जौलीग्रांट एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर के जरिए गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से सड़क मार्ग से प्रेमनगर आश्रम जाकर बैठक में शामिल होंगे।
राजनाथ सिंह पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। विधानसभा चुनाव 2027 से पहले उनके संबोधन को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी को उम्मीद है कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों के लिए नई दिशा मिलेगी।
2027 में भाजपा का चेहरा कौन? सीएम धामी ने दिया जवाब
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा की चुनावी तैयारियों को लेकर कहा कि पार्टी साल के 365 दिन चुनाव के लिए तैयार रहती है। प्रदेश कार्यसमिति में शामिल पदाधिकारी और कार्यकर्ता यहां से नए उत्साह और ऊर्जा के साथ लौटेंगे।
उन्होंने कहा कि भाजपा 2027 के विधानसभा चुनाव में बड़े बहुमत के साथ लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगी। इसके लिए प्रदेश से लेकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जा रहा है। पन्ना प्रमुख, शक्ति केंद्र, मंडल और सभी मोर्चों को सक्रिय कर चुनावी तैयारी की जा रही है।
वहीं, 2027 के विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा, इस सवाल पर धामी ने मुस्कुराते हुए कहा कि चेहरा भाजपा होगी। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
सभी मोर्चों को एक लाख नए कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य
कार्यसमिति की पहले दिन की बैठक में भाजपा ने अपने सभी सातों मोर्चों को एक-एक लाख नए कार्यकर्ता जोड़ने का लक्ष्य दिया है। पार्टी की रणनीति संगठन का विस्तार करने के साथ दूसरे दलों से भाजपा में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं को भी संगठन से जोड़ने की है।
इसके लिए सभी मोर्चों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। भाजपा का जोर आगामी चुनाव से पहले संगठन की जमीनी पकड़ मजबूत करने और अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने पर है।
2027 चुनाव से पहले भाजपा ने किया चुनावी शंखनाद
हरिद्वार में हो रही प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है। बैठक में राजनीतिक और संगठनात्मक मुद्दों के साथ सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की रणनीति पर भी चर्चा की जा रही है।
भाजपा का लक्ष्य विकास कार्यों और सरकार की योजनाओं को प्रदेश के हर विधानसभा क्षेत्र तक पहुंचाना है। पार्टी कार्यकर्ताओं को अभी से चुनावी मोड में सक्रिय कर 2027 में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करने की रणनीति तैयार कर रही है।




