उदयपुर और जोधपुर के बीच में नई रेलवे लाइन का विस्तार, 250 km कम होगी दूरी

HR Breaking News (Mewar-Marwar railway line) : राजस्थान में मेवाड़ और मारवाड़ को रेल नेटवर्क से जोड़ने वाली महत्वाकांक्षी परियोजना अब आगे बढ़ने लगी है। मावली जंक्शन-मारवाड़ जंक्शन (Mavli Junction-Marwar Junction) रेल लाइन को ब्रॉडगेज में बदलने और नए ट्रैक विकसित करने की योजना के तहत दूसरे चरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। रेल मंत्रालय (Ministry of Railways) ने देवगढ़ मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक रेल लाइन के फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) को मंजूरी दे दी है। इससे लंबे समय से प्रस्तावित इस रेल मार्ग के विस्तार की उम्मीद बढ़ गई है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सर्वे के लिए 12 करोड़ रुपए का बजट भी जारी किया था।
पहले चरण में 95 प्रतिशत से ज्यादा काम पूरा
परियोजना का पहला चरण नाथद्वारा से देवगढ़ मदारिया (Nathdwara to Devgarh Madaria) तक विकसित किया जा रहा है। करीब 82 से 85 किलोमीटर लंबे इस रेलखंड पर 969 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे हैं। रेलवे के अनुसार इस हिस्से में 95% से अधिक निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यहां 121 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल भी किया जा चुका है।इस रेलखंड पर कांकरोली, बेजनाल, सोनियाणा मेवाड़, कुंवारिया, लावासरदारगढ़, आमेट, कुंवाथल और देवगढ़ मदारिया स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके बाद दूसरे चरण में देवगढ़ मदारिया से मारवाड़ जंक्शन तक लगभग 72 से 75 किलोमीटर लंबा रेलखंड विकसित करने की योजना है।
7 घंटे का सफर घटकर 4 घंटे रह जाएगा
ब्रॉडगेज रेल लाइन (Broad gauge railway line) पूरी होने के बाद उदयपुर से जोधपुर के बीच यात्रा का समय करीब 7 घंटे से घटकर 4 घंटे तक रह सकता है। इस रेल मार्ग से दोनों शहरों के बीच दूरी भी लगभग 250 किलोमीटर कम होने का अनुमान है। अरावली की पहाड़ियों, घाटियों और दर्रों से होकर गुजरने वाला यह रेल मार्ग पर्यटन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण होगा।
टॉडगढ़-रावली वन्यजीव अभयारण्य, कुंभलगढ़ किला और देवगढ़ जैसे पर्यटन स्थलों को रेल नेटवर्क से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। वहीं उदयपुर और राजसमंद के मार्बल-ग्रेनाइट उद्योग को दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और गुजरात के बंदरगाहों तक माल पहुंचाने में सुविधा होगी। इससे परिवहन लागत घटने और व्यापार को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
1936 में बना था मीटरगेज रेल मार्ग
इस रेल लाइन का इतिहास अंग्रेजों के शासनकाल से जुड़ा है। वर्ष 1936 में इस मार्ग का निर्माण हुआ था। लंबे समय तक यहां मीटरगेज लाइन पर मावली-मारवाड़ पैसेंजर ट्रेन संचालित होती रही। अब इस पुराने रेल मार्ग को आधुनिक ब्रॉडगेज नेटवर्क में बदलने की योजना पर काम किया जा रहा है।
102 किमी रेल लाइन के लिए 15 साल से प्रयास
देवगढ़ मदारिया से आगे मारवाड़ क्षेत्र को जोड़ने के लिए मेवाड़ रेल विकास परिषद भी लंबे समय से प्रयास कर रही है। परिषद की मांग के अनुसार रेल लाइन देवगढ़ मदारिया से लासानी, ताल, भीम, जवाजा, बाली, तारागढ़, कोबरा और कालाबार होते हुए हरिपुर स्टेशन तक पहुंचनी चाहिए।
परिषद अध्यक्ष प्रकाश मांडोत (Council President Prakash Mandot) ने इस प्रस्तावित रेल लाइन को जल्द मंजूरी देने की मांग को लेकर केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की है। रेलवे बोर्ड वर्ष 2023 में इस रेलखंड का सर्वे पूरा कर रिपोर्ट दे चुका है। उत्तर पश्चिम रेलवे भी अपनी रिपोर्ट तैयार कर चुका है, लेकिन परियोजना को अभी अंतिम स्वीकृति नहीं मिली है। परिषद पिछले 15 वर्षों से इस रेल कनेक्टिविटी के लिए अभियान चला रही है।




