उत्तराखंड में भीषण हादसा: नदी में समाई यात्रियों से भरी कार, 5 की मौत, 2 लापता
उत्तरकाशी (उत्तराखंड पोस्ट) उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया।
गंगनानी के पास यात्रियों से भरी एक कार अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और नदी में समा गई। हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो अन्य की तलाश में रेस्क्यू अभियान जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वाहन में गुजरात के छह यात्री और एक चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। सभी यात्री गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन सुबह हिना के समीप से गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ था। इसी दौरान गंगनानी बाजार से आगे डबरानी की ओर जाते समय चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार गहरी खाई में गिरकर नदी में समा गई।
नदी किनारे मिले पांच शव
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और 108 आपातकालीन सेवा की टीमें मौके के लिए रवाना हुईं। राहत एवं बचाव दल ने घटनास्थल पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। अभियान के दौरान नदी किनारे से पांच लोगों के शव बरामद किए गए हैं। वहीं, वाहन में सवार अन्य दो लोगों की तलाश के लिए नदी और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान जारी
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें नदी किनारे तथा आसपास के दुर्गम इलाकों में लापता लोगों की तलाश में जुटी हैं। हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। इस हादसे में पांच लोगों की मौत की पुष्टि संबंधी सूचना सामने आई है। दो लापता लोगों की तलाश जारी है।




