रक्षा उपकरणों के प्रमुख स्थलों पर स्थापित किये जाने से सेना के गौरव, शौर्य एवं पराक्रम से आम जनता प्रेरणा प्राप्त करेगी- जयवीर सिंह

भारतीय सेना से सेवामुक्त रक्षा सामग्रियों, हथियारों तथा उपकरणों को जन दर्शनार्थ स्थापित किये जाने हेतु प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री जयवीर सिंह ने रक्षा मंत्रालय भारत सरकार से अनुरोध किया था। भारत सरकार रक्षा मंत्रालय ने पर्यटन मंत्री के अनुरोध पर कतिपय औपचारिकताएं पूरा करने की अपेक्षा की है, जिसके संबंध में अग्रेतर कार्रवाई शासन स्तर पर की जा रही है। रक्षा उपकरणों के प्रमुख स्थलों पर स्थापित किये जाने से सेना के गौरव, शौर्य एवं पराक्रम से आम जनता प्रेरणा प्राप्त करेगी।
यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ने सोमवार को देते हुए बताया कि उन्होंने 04 जुलाई 2026 को भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय को पर्यटन एवं संस्कृति विभाग द्वारा विकसित महत्वपूर्ण स्थानों पर भारतीय सेना से सेवामुक्त रक्षा सामग्रियों, हथियारों एवं उपकरणों को आम जनता के दर्शनार्थ रखे जाने का प्रस्ताव किया था।
उन्होंने बताया कि जिन स्थानों पर रक्षा सामग्रियों को दर्शनार्थ रखे जाने का अनुरोध किया गया था, उसमें समौर बाबा धाम, करहरा जनपद फिरोजाबाद, राष्ट्र प्रेरणा स्थल लखनऊ, वॉर मेमोरियल पार्क कैण्टोनमेंट, जनपद वाराणसी, गौरव संग्रहालय गोरखपुर तथा सांस्कृतिक केन्द्र जनपद मैनपुरी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि रक्षा मंत्रालय भारत सरकार ने सामग्रियों को स्थापित करने को लेकर कतिपय औपचारिकता पूरी करने की अपेक्षा की है।
शासन द्वारा संयुक्त निदेशक पर्यटन लखनऊ, वाराणसी तथा गोरखपुर को निर्देश दिए हैं कि संस्थाओं/पर्यटन स्थलों के संबंध में तत्काल आवश्यक कार्यवाही कराते हुए महानिदेशक पर्यटन के माध्यम से शासन को अवगत करायें। इसके अलावा क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी आगरा मण्डल से भी कहा गया है कि भारत सरकार के पत्र में उठाये गये बिन्दुओं पर संस्थाओं/पर्यटन स्थानों के संबंध में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाय।

Related Articles

Back to top button