जलशक्ति मंत्री ने पूर्वांचल के बांधों एवं जलाशयों की समीक्षा की

उत्तर प्रदेश के जलशक्ति मंत्री श्री स्वतंत्र देव सिंह एवं प्रमुख सचिव, सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन श्री अनिल गर्ग द्वारा आज जनपद मीरजापुर, सोनभद्र, चन्दौली एवं प्रयागराज में स्थित बांधों, बंधियों एवं जलाशयों से संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में मुख्य अभियंता (सोन) संगठन, वाराणसी के समस्त अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंता एवं जूनियर इंजीनियर उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसानों को पेयजल एवं सिंचाई के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराने हेतु बांधों की क्षमता बढ़ाने तथा भूगर्भ जल रिचार्ज के आवश्यक उपाय सुनिश्चित किए जाएं। जिन बांधों एवं जलाशयों में डी-सिल्टिंग की आवश्यकता है, उनकी परियोजनाएं तत्काल गठित कर शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए गए।
मंत्री जी ने डूब क्षेत्र में आने वाली जमीनों का सर्वेक्षण कर आवश्यकतानुसार खारिज-दाखिल की कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनपद सोनभद्र में जिलाधिकारी से समन्वय स्थापित कर डीएमएफ फंड से बांधों के अनुरक्षण कार्य कराने के निर्देश दिए।
बैठक में बांधों की पुनर्स्थापना के लिए परियोजना तैयार करने तथा बांध सुरक्षा अधिनियम के प्रोटोकॉल के अनुरूप निर्धारित सीमा में सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
माननीय मंत्री जी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बांधों एवं जलाशयों से संबंधित कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए तथा किसानों और आमजन को योजनाओं का अपेक्षित लाभ सुनिश्चित हो।

Related Articles

Back to top button